डॉ. रणदीप गुलेरिया, निदेशक, दिल्ली एम्स
- फोटो : Amar Ujala
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के रोजाना हजारों संक्रमित मरीज सामने आने पर दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया का कहना है कि बाजार और शादियों की वजह से कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसके दुष्प्रभाव दिल्ली में रोजाना देखने को मिल रहे हैं। दिल्ली में पहले एक दिन में चार से पांच हजार संक्रमित मरीज आ रहे थे लेकिन अब यह आंकड़ा आठ हजार के नजदीक पहुंच चुका है। आलम यह है कि बीते 18 दिन में ही दिल्ली में एक लाख कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
डॉ. गुलेरिया का कहना है कि त्योहार के चलते दिल्ली के बाजारों में बेहिसाब भीड़ दिखाई दे रही है। दुर्भाग्य है कि भीड़ में ज्यादातर लोग सोशल डिस्टैसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। साथ ही मास्क भी चेहरे पर नहीं लगा रहे हैं। लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। जबकि इस भीड़ पर जल्द से जल्द अंकुश लगाने के लिए आक्रामक तरीके से काम करने की आवश्यकता है। दिल्ली में इस समय कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 41 हजार को पार कर गई है।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से भी बाजारों में भीड़भाड़ को लेकर दिल्ली सरकार को नोटिस दिया गया। दरअसल राजधानी में त्योहार के चलते बाजारों में लोगों की भीड़ काफी बढ़ गई है। सदर बाजार, चांदनी चौक, लक्ष्मी नगर, रोहिणी सहित कई इलाकों में भीड़ के चलते संक्रमण का असर भी बढ़ गया है।
दिल्ली में रोजाना कोरोना वायरस से होने वाली मौतों में भी बढ़ोतरी हुई है। इन सब के अलावा दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में बिस्तरों की कमी भी मरीजों को मुसीबत बन चुकी है। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया तो स्थिति काफी गंभीर हो सकती है।