राजधानी दिल्ली में कोरोना की वर्तमान स्थिति पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि दो सप्ताह से दिल्ली में कोरोना संक्रमण से हालात बेहतर होते जा रहे हैं। दैनिक मामलों में कमी आई है इसके साथ-साथ रिकवरी दर भी बढ़ रही है। जैन ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में स्थितियां और बेहतर होती जाएंगी।
पत्रकारों से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि अधिक जांच के कारण पहले मामले अचानक बढ़ने लग गए थे। अब धीरे-धीरे स्थितियां बेहतर होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ज्यादा टेस्ट करने का लाभ मिल रहा है। इससे समय रहते संक्रमितों की पहचान की जा रही है और उन्हें आइसोलेट किया जा रहा है।
जैन के मुताबिक, एक समय दिल्ली संक्रमितों के मामले में देश में दूसरे स्थान पर थी, अब छठे पर आ गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर रणनीति के चलते मृत्यु दर भी कम हो रही है।
एक सप्ताह से यह दर दो फीसदी से नीचे बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों के हिसाब से बेड भी बढ़ा रही है साथ ही हॉटस्पॉट इलाकों में सभी नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।