राजधानी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हर दिन रिकॉर्ड बनाती जा रही है। बीते 24 घंटे में जहां 1163 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, वहीं 18 लोगों की मौत दर्ज की गई है। शुक्रवार को 1106 मरीज मिले थे।
राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या 18549 हो चुकी हैं, वहीं मृतकों का आंकड़ा 416 पहुंच गया है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि मृतकों की सूची में वही लोग शामिल हैं, जिनकी मौत प्राथमिक तौर पर कोरोना वायरस की वजह से हुई है।
एलएनजेपी के निदेशक भी कोरोना की चपेट में आए
लोकनायक जयप्रक्राश अस्पताल (एलएनजेपी) के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार कोरोना संक्रमित हो गए हैं। तीन दिन पहले उनके स्टाफ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उनकी जांच कराई गई। फिलहाल निदेशक होम आईसोलेशन में चले गए हैं
एलएनजेपी के टैक्नीशियन की कोरोना से मौत
कोरोना से शनिवार को लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल के एक टैक्नीशियन की मौत हो गई। मृतक दस दिन पहले कोरोना से संक्रमित हुआ था। उसके बाद से ही आईसीयू में भर्ती था। उसे बुखार और सांस लेने में दिक्कतें हो रही थी।
24 घंटे में बने 20 नए कंटेनमेंट जोन
दिल्ली सरकार ने शनिवार को 20 नए कंटेनमेंट जोन घोषित किए। इसके साथ ही 122 इलाके सील किए जा चुके हैं। हालांकि, तीन कंटेनमेंट जोन को हटाया भी गया। पश्चिमी दिल्ली जिले में चार नए जोन बनने से 16 इलाकों को सील किया गया है। इसके अलावा 12-12 कंटेनमेंट जोन दक्षिणी और दक्षिण पश्चिमी जिले में हैं।