दिल्ली के द्वारका के सेक्टर-नौ स्थित क्वारंटीन सेंटर में एक व्यक्ति ऐसा भी है जो कोरोना संक्रमण की निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद भी अपने घर नहीं जाना चाहता है। उसका कहना है कि वह लॉकडाउन के बाद ही घर जाएगा।
क्वारंटीन सेंटर में विदेश यात्रा से लौटने के बाद यहां रहने वाले 102 लोगों में से एक को छोड़कर सभी अपने घर जा चुके हैं। बिहार के चंपारण निवासी 50 वर्षीय इकबाल को दुबई से लौटने के बाद अन्य लोगों के साथ क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था।
इस दौरान सभी लोगों की तरह उन्हें भी खाना, पीना समेत तमाम जरूरी सुविधाएं मुहैया की गईं। तीन दिन पहले क्वारंटीन की अवधि समाप्त होने पर इकबाल ने सेंटर की देखभाल में जुटे अधिकारियों से पूछा कि क्या लॉकडाउन तक उन्हें सेंटर में रहने की इजाजत है?
पैसों की कमी और लॉकडाउन के दौरान घर तक पहुंचने के लिए उचित साधन न मिलने का हवाला देते हुए इकबाल ने कहा कि लॉकडाउन खत्म होने पर बस या ट्रेन से अपने घर लौट जाएंगे। फिलहाल सेंटर में रहने वाले अन्य लेागों के साथ उसे भी रहने दिया जाए।