दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 223 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। राजधानी में बीते छह दिन में तीसरी बार कोरोना के 200 से ज्यादा संक्रमित मरीज सामने आए हैं। राहत की खबर यह है कि 73 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चॉर्ज कर दिया गया। दिल्ली में कोरोना से अब तक 61 मरीजों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3738 हो चुकी है जबकि 1167 संक्रमित मरीजों को छुट्टी मिल चुकी है। विभाग के अनुसार दिल्ली में अभी 2510 एक्टिव केस हैं। इनमें से 869 मरीज दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती है। इनमें से 49 आईसीयू पर और 5 वेंटिलेटर पर हैं। वहीं 767 मरीज दिल्ली में कोविड केयर सेंटर में और 149 कोविड मेडिकल सेंटर में भर्ती हैं। दिल्ली के 11 जिलों में 99 कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। यहां अब तक 383 लोग संक्रमित मिल चुके हैं।
दिल्ली के कंटेनमेंट जोन हुए कम, अब रह गए 97
दिल्ली के कंटेनमेंट जोन में फिर कमी आई है। पूर्वी दिल्ली के तीन और दक्षिणी दिल्ली का एक जोन कंटेनमेंट सूची से बाहर आ गया है। वसुंधरा एंकलेव का मनसारा अपार्टमेंट, मयूर विहार का वर्धमान अपार्टमेंट और आईपी एक्सटेंशन का मयूरध्वज अपार्टमेंट कंटेनमेंट इलाकों में नहीं रहा गया है। इसी तरह दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट आफ कैलाश का ई ब्लॉक भी कंटेनमेंट सूची से बाहर हो गया है। इस तरह अब दिल्ली में 97 कंटेनमेंट जोन बच गए हैं।
जफरुल इस्लाम ने अपने विवादित पोस्ट के लिए मांगी माफी
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के प्रमुख जफरुल इस्लाम ने अपने विवादित पोस्ट के लिए माफी मांगी है।
दिल्ली में आप विधायक विशेष रवि कोरोना संक्रमित
दिल्ली में कोरोल बाग विधानसभा से आम आदमी पार्टी के विधायक विशेष रवि कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके अलावा उनका भाई भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। विधायक विशेष रवि ने भी खुद के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि फिलहाल वह अपने परिवार के साथ होम क्वारंटीन में हैं।
इसके अलावा विधायक व उनके भाई के संपर्क में आने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है। आप विधायक कैसे संक्रमित हुए इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है।
गुरुग्राम में 6 नए संक्रमित , फरीदाबाद में आठ मामले
गुरुग्राम में शुक्रवार को कोरोना वायरस के छह नए मामले सामने आए, इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है। इनमें से 38 ठीक हो चुके हैं और 25 का इलाज चल रहा है। वहीं फरीदाबाद में आठ नए मामले सामने आए हैं।
लॉकडाउन में फंसे लोगों के घर जाने के लिए 10 नोडल अधिकारी नियुक्त
दिल्ली सरकार ने गृह मंत्रालय के आदेश के बाद फंसे हुए लोगों के घर जाने की व्यवस्था के लिए विभिन्न राज्यों के साथ समन्वय के लिए 10 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करती है।
मरकज मामले की जांच कर रहे दो पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि क्राइम ब्रांच की रोहिणी टीम के दो कर्मी, जो निजामुद्दीन मरकज मामले की जांच में शामिल है वो कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
खजूरी खास थाने के 2 पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
उत्तर-पूर्वी जिले के खजूरी खास पुलिस स्टेशन के दो पुलिसकर्मियों को कोरोना के लिए पॉजिटिव पाया गया है। 4 कांस्टेबल जो उनके साथ एक ही बैरक में रह रहे थे, उनका परीक्षण किया गया और उन्हें तुरंत क्वारंटीन में भेज दिया गया। यह जानकारी विशेष पुलिस आयुक्त, संचालन, दिल्ली डॉ मुक्तेश चंदर ने दी है।
दिल्लीः सीआरपीएफ की उसी बटालियन के 12 और जवान संक्रमित, कुल संख्या हुई 60
सीआरपीएफ की उस बटालियन के 12 और जवानों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिस बटालियन से पहले भी बड़ी संख्या में जवान संक्रमित हुए थे। इन 12 जवानों के साथ ही अब तक इस बटालियन के कुल 60 जवानों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।
मौलाना साद मामले की जांच कर रहे एक और पुलिसकर्मी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
निजामुद्दीन मरकज के मुखिया मौलाना साद मामले की जांच कर रही रोहिणी पुलिस की टीम के दो और पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक हेड कांस्टेबल है और एक कांस्टेबल है। इससे पहले इसी टीम का एक अन्य कांस्टेबल भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
जुमे पर लॉकडाउन का पालन करते हुए लोगों ने घरों में पढ़ी नमाज
रमजान के दौरान गाजियाबाद के शहीद नगर में पहले जुमे पर लोगों ने घरों में पढ़ी नमाज। मस्जिदों के बाहर तैनात पुलिस लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रहे हैं।
गाजियाबाद में चार नए मामलों की पुष्टि, 630 रिपोर्ट का इंतजार
गजियाबाद में कोरोना के चार नए मामलों की पुष्टि होने के साथ ही अभी 630 जांच रिपोर्ट का इंतजार विभाग को है। अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 70 हो गई है। इसमें एक महिला की मौत हो चुकी है, जबकि अब तक 44 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। अभी तक कुल 2878 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, उसमें से 2248 रिपोर्ट आ चुकी है, इसमें से 2182 रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
दिल्लीः सब्जी मंडी पर पुलिस रख रही ड्रोन से निगरानी
दिल्ली की महरौली सब्जी मंडी में सामाजिक दूरी हो इसके लिए दिल्ली पुलिस ड्रोन के जरिए लोगों पर निगरानी रख रही है और साथ ही लाइव घोषणा भी कर रही है।