दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि आनंद विहार से कोई बस या ट्रेन चलने नहीं जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि इस बारे में लोगो किसी अफवाह का शिकार न हों।
एक और हॉटस्पॉट खत्म
कोरोना वायरस का संक्रमण न होने से पिछले 24 घंटों में दिल्ली में एक हॉटस्पॉट खत्म किया गया। सी-105 हरिनगर, नई दिल्ली और उसके आसपास के इलाके को दिल्ली सरकार ने डी-कंटेन कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पिछले 24 घंटे में कोई नया कंटेनमेंट जोन नहीं बना है। इससे दिल्ली में हॉटस्पॉट की संख्या घटकर 80 रह गई है।
फॉगिंग नहीं करने पर निगम कर्मियों से मारपीट
आजादपुर के लाल बाग की एक गली में फॉगिंग नहीं करने पर एक युवक ने निगम कर्मियों से मारपीट की। आदर्श नगर थाना पुलिस युवक के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
ट्रक से बिहार जा रहे थे 64 प्रवासी, रोका
नेताजी सुभाष प्लेस इलाके में पुलिस ने ऐसे ट्रक चालक को पकड़ा, जो 64 प्रवासियों को लेकर बिहार के भागलपुर जाने की कोशिश कर रहा था। मजदूरों को शेल्टर होम में भेजकर पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। ट्रक चालक ढाई हजार रुपये प्रति व्यक्ति किराया लेने के बाद जाने को तैयार हो गया था।
उत्तरी निगम के दो स्वास्थ्य निरीक्षक कोरोना पॉजिटिव
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दो स्वास्थ्य निरीक्षक भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दोनों के संपर्क में आए 24 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। दोनों स्वास्थ्य निरीक्षक सदर पहाड़गंज जोन में तैनात थे। तबीयत बिगड़ने पर जब इनका कोरोना टेस्ट किया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
पुलिस कांस्टेवल की मौत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली के मुख्य सचिव और केंद्रीय गृह सचिव को नोटिस जारी किया
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली पुलिस कांस्टेबल जिसकी मौत कोरोना वायरस की वजह से हो गई थी, उनके इलाज में लापरवाही की शिकायत पर स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली के मुख्य सचिव और कंद्रीय गृह सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग ने चार हफ्ते में रिपोर्ट की मांग की है।
गौतमबुद्धनगर में 6 नए मामले, एक की मौत
गौतमबुद्धनगर में 6 नए मामले सामने आए है, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जिले में अब कुल 230 संक्रमित हैं। 141 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि 89 एक्टिव मरीज हैं। कोरोना वायरस से जिल में अबतक तीन मौत हो चुकी है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगी लंबी कतारें
कोरोना वायरस के चलते 50 दिन बाद आज रेलवे ने स्पेशल यात्री सेवा शुरू की, जिसके चलते नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लंबी कतारें लग गई।
हावड़ा से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई यात्री 'स्पेशल ट्रेन'
पश्चिम बंगाल के हावड़ा से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुई यात्री स्पेशल ट्रेन।
आरके पुरम पुलिस स्टेशन में सैनिटाइजर का प्रयोग और बाहर से आने वाले लोगों जांच करते पुलिसकर्मी
कोरोना वायरस महामारी से बचाव के लिए दिल्ली के आर के पुरम पुलिस स्टेशन में बाहर से अंदर आने वालों के तापमान की जांच करते हुए पुलिस कर्मी और सैनिटाइजर का प्रयोग करते हुए अधिकारी।
दिल्ली के आरके पुरम इलाके में सैनिटाइजेशन
देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए दिल्ली के आर के पुरम आवासीय क्षेत्र में सैनिटाइर का छिड़काव करते हुए दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी।
शाहदरा पुलिस उपायुक्त कार्यालय में तीन कोरोना संक्रमित
पूर्वी दिल्ली, शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, एक इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। सभी पुलिसकर्मी होम क्वारंटाइन किया गया है । चार दिन पहले अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के पीए कोरोना संक्रमित पाए गए थे।
गाजियाबाद : कोरोना संक्रमित का शव पैक करने में लापरवाही
गाजियाबाद के पिलखुवा निवासी 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद शव कोरोना विसंक्रमित कवर में पैकिंग करने में अस्पताल प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरती गई। शव की पैकिंग करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पीपीई किट भी नहीं दी गई।
इलाज करने वाले दो डाक्टर और नर्स को क्वारंटीन कर दिया गया, लेकिन शव को पैक करने वाले कर्मचारियों को न तो क्वारंटीन किया गया और न ही उनके खाने-पीने की कोई व्यवस्था की गई। मंगलवार सुबह हिंडन घाट पर बुजुर्ग का अंतिम संस्कार किया गया।
रात में 34 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नोएडा में जांच मशीन खराब होने से सैंपल मेरठ भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वहां पर लैब पर जांच का दबाव अधिक होने से सैंपलों की रिपोर्ट आने में समय लग सकता है।
अब तक जिले में कुल 141 मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 83 स्वस्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 56 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अभी 632 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
हावड़ा से दिल्ली के लिए रवाना होगी स्पेशल ट्रेन
पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए थोडी में रवाना होगी स्पेशल ट्रेन।
नई दिल्ली से बिलासपुर के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन
नई दिल्ली से बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के लिए 1490 यात्रियों को लेकर रवाना हुई स्पेशल ट्रेन।
बीएसएफ में 9 नए मामले सामने आए
पिछले 24 घंटों में बीएसएफ में 9 नए मामले आए सामने । इसमें से 6 मामले दिल्ली, एक कोलकाता और दो त्रिपुरा से हैं। सभी का इलाज संबंधित कोरोना अस्पतालों में किया जा रहा है।
गौतमबुद्ध नगर में एक प्रशासनिक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव
गौतमबुद्ध नगर की एक सीनियर प्रशासनिक अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अधिकारी को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कराया गया। यह ग्रेटर नोएडा स्थित एक शेल्टर होम की इंचार्ज थीं, इनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
यात्री स्पेशल ट्रेन में सवार हुए लोग, दिल्ली से जा रहे छत्तीसगढ़
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री 'स्पेशल ट्रेन' पर सवार हो चुके हैं। यहां से ट्रेन कुछ ही देर में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) से बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के लिए रवाना होगी। एक यात्री ने बताया,'मैं बहुत खुश हूं यहां स्टेशन पर बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है, सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जा रहा।
जफरुल इस्लाम को हाईकोर्ट ने दी अंतरिम राहत
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरुल-इस्लाम खान को राहत देते हुए उन्हें 22 जून तक के लिए अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है। अदालत ने इस बीच पुलिस से उनके खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाने का भी आदेश दिया है।
दिल्ली में बीते 24 घंटे में 406 नए केस, 13 मौतें
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि बीते 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 406 नए मामले सामने आए हैं और 13 मौतें हुई हैं। यह रिपोर्ट रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक की है। इसके साथ ही अब कुल संक्रमितों की संख्या 7639 हो गई है और कोरोना से मरने वालों की संख्या 86 हो गई है। कुल 2512 लोग ठीक हो चुके हैं। उन्होंने ये भी बताया कि दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का डबलिंग रेट 11 दिन है। एक बार यह रेट तीन-चार दिन तक पहुंच गया था। अगर दिल्ली में डबलिंग रेट 18, 20 या 25 दिन पर पहुंच जाए तो हम ज्यादा आरामदायक स्थिति में होंगे।
आज से दिल्ली से कई ट्रेनें चलेंगी
नई दिल्ली स्टेशन में सैनिटाइजेशन का काम जारी। भारतीय रेलवे ने आज दिल्ली से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई, अहमदाबाद, जम्मू तवी को जोड़ने वाली विशेष ट्रेनों के साथ यात्री ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू किया जा रहा है। दिल्ली से बिहार जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे गणित कुमार का कहना है कि, 16 मार्च को दिल्ली में रेलवे की तैयारी करने के लिए आया था फिर लॉकडाउन में यहीं उत्तम नगर में फंस गया। जो मकसद था वो तो पूरा नहीं हो पाया अब घर जाकर पढ़ाई करूंगा। 4:45 बजे ट्रेन है, एक घंटे पैदल चला फिर ऑटोवाले को अतिरिक्त पैसे दिए तब जाकर यहां पहुंचा हूं।
गाजियाबादः अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आज भी जारी रहा भोजन वितरण
अमर उजाला फाउंडेशन और सहयोगी संस्थाओं द्वारा लगातार भोजन वितरण का कार्य चल रहा है। मंगलवार को सभी ने मिलकर 2500 खाने के पैकेट बांटे और 25 राशन के पैकेट बांटे। इसमें बिल्डर एसोसिएशन, अन्न पात्र और पगडंडियां संस्था शामिल है।
गौतमबुद्ध नगर में कोरोना से तीसरी मौत
गौतमबुद्ध नगर में कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात जिले में कोरोना से तीसरी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय बुजुर्ग की बीती देर रात मौत हो गई।