दिल्ली से अब कोरोना वायरस के सैंपल नोएडा स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल (एनआईबी) में परीक्षण के लिए नहीं जाएंगे। 15-15 दिन तक यहां से रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण दिल्ली सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत स्वायत्त संगठन एनआईबी को सैंपल नहीं भेजने का फैसला लिया है। बुधवार को जारी एक आदेश में सरकार ने कहा कि एनआईबी में लंबित रिपोर्ट बीमारी की प्रभावी रोकथाम में बाधा है। इसलिए तीन मई तक कोई भी सैंपल एनआईबी को नहीं भेजे जाएंगे और नमूने अन्य सरकारी और निजी प्रयोगशालाओं में वितरित किए जाएंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि संबंधित प्रयोगशाला को नमूना प्रस्तुत करने के एक दिन के भीतर परिणाम प्राप्त हो जाएं।
125 नए मामले आए सामने कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3439 हुई
दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 125 नए मामले सामने आए, जबकि दो लोगों की मौत हो गई। इसकी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3439 हो गई है।
एम्स के पांच स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित
दिल्ली एम्स के पांच स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। यहां 16 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। बुधवार को एक नर्स समेत पांच स्वास्थ्य कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद इन्हें प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है। प्रसूति रोग विभाग में कार्यरत एक नर्स और चार सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। करीब 20 स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया है। यह सभी प्रसूति रोग विभाग में तैनात हैं। अब तक यहां 60 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया जा चुका है।
लेडी हार्डिंग में एक और डॉक्टर संक्रमित
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में ही एक और डॉक्टर संक्रमित मिला है। अब तक यहां करीब छह डॉक्टर समेत 15 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 45 दिन के एक बच्चे की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है। इसके अलावा आईसीयू में भर्ती 10 माह का एक बच्चा और उसका पिता भी संक्रमित हो चुका है। यहां अब तक 50 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारियों को क्वारंटीन किया जा चुका है।
अमर कॉलोनी थाने में तैनात सिपाही भी संक्रमित
दक्षिण-पूर्वी जिले के अमर कॉलोनी थाने में तैनात सिपाही भी कोरोना की चपेट में आ गया है। उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिपाही के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अमर कॉलोनी व ओखला थाने से 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया है। इन दोनों थानों समेत सभी पुलिस बूथों व बैरक को भी सैनिटाइज किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने की एम्स की 'परिक्रमा'
दक्षिण जिले के पुलिस कर्मियों ने 51 कोरोना पैट्रोल बाइक के साथ चिकित्सा पेशेवरों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए एम्स अस्पताल की 'परिक्रमा' की, जिसमें महिला कार्मिक भी शामिल थीं।
दिल्लीः कोरोना से सीआरपीएफ के एसआई की हुई मौत
सीआरपीएफ के एसआई मोहम्मद इकराम हुसैन जो कोरोना से संक्रमित थे, उनकी मौत हो गई। आज दिन में स्वास्थ्यकर्मियों ने उनके सुपुर्द-ए-खाक की रस्म निभाई।
केजरीवाल ने जताई खुशी- 529 में से 3 पत्रकार ही निकले कोरोना पॉजिटिव
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर खुशी जताई है कि जिन 529 पत्रकारों ने कोरोना का टेस्ट कराया था उनमें से केवल 3 ही संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने ये भी लिखा कि मेरी शुभकामनाएं आप लोगों के साथ हैं। आप लोगों का काम काफी महत्वपूर्ण है खासतौर से महामारी के दौरान। जो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा- हल्के लक्षण होंगे तो घर में होंगे आइसोलेट
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के अनुसार दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 3314 है, जिसमें कल के 206 केस शामिल हैं और कल 201 लोग ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में अभी तक कुल 1078 लोग ठीक हो चुके हैं। 53 आईसीयू में और 12 लोग वेंटिलेटर पर हैं। अब जो प्रोटोकॉल है उसके हिसाब से जिनमें लक्षण नहीं हैं या लाइट लक्षण हैं उनको घर में ही आइसोलेशन करके इलाज किया जाएगा, उन्हें अस्पताल जाने की जरूरत नहीं है।
नोएडा में हॉटस्पॉट में तैनात सुरक्षाबल
नोएडा सेक्टर 19, 20 और 27 हॉटस्पॉट इलाका घोषित किया गया है और यहां पुलिसबल तैनात किए गए हैं। यहां लोगों की आवाजाही पर भी रोक है।