नई दिल्ली नगर पालिका परिषद(एनडीएमसी) में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 97 पर पहुंच गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इसमें करीब 12 कर्मचारी ठीक भी हो चुके हैं। वहीं, 12 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती हैं। एनडीएमसी अनुसार, कंटेनमेंट जोन मे अब तक 786 एंटीजन टेस्ट किए जा चुके हैं। इसमें कुल 76 लोग पॉजीटिव पाए गए हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को गोल मार्केट स्थित शहीद भगत सिंह पैलेस को सैनिटाइजेशन के बाद खोल दिया गया है।
दिल्ली में कोरोना वायरस के 3390 नए मामले
दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस के 3390 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 64 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 73780 हो गई है। गुरुवार को दिल्ली में 3328 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। राजधानी में अबतक 44765 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अबतक 2429 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 26586 सक्रिय मामले हैं।
गाजियाबादः 99 सैम्पल की आई रिपोर्ट, 11 पॉजिटिव
गाजियाबाद में गुरुवार दोपहर तक 99 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई, इसमें से 11 मामले संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शाम तक 1600 सैंपल की जांच रिपोर्ट आने की संभावना है। अगर सभी जांच रिपोर्ट आ गई तो आज भी काफी कोरोना संक्रमित मामले बढ़ सकते हैं। अब तक जिले में 1089 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, हालांकि इसमें से 539 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
शाम चार बजे केजरीवाल जाएंगे एलएनजेपी अस्पताल
दिल्ली के मुख्यमंत्री आज शाम एलएनजेपी अस्पताल जाएंगे। उन्होंने कल ही अस्पताल के सामने स्थित बैंक्वेट हॉल में बने कोविड केयर सेंटर का दौरा किया था।
एम्स के नर्सिंग अधिकारी कोरोना से ठीक होने के बाद अपना प्लाज्मा दान कर रहे हैं
प्लाज्मा दान करके कोरोना मरीजों की जान बचा रहे एम्स के नर्सिंग अधिकारी। एक हफ्ते में 4 मरीजों को ठीक किया जा चुका है। कोरोना से स्वस्थ होने के बाद दान कर रहे हैं प्लाज्मा। एम्स में अब तक एक हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी हो चुके हैं संक्रमित।
रेजिडेंट डॉक्टरों का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाया जाएगा
रेजिडेंट डॉक्टरों के कार्यकाल को 6 महीने तक और बढ़ाया जाएगा। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सचिव ने सभी अस्पतालों के चिकित्सा निदेशकों को जारी किया आदेश। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लिया गया है फैसला।
पालम में एक ही परिवार के आठ लोग हुए संक्रमित
पालम में एक ही परिवर के 8 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पालम थाने में भी कई पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।