दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 3630 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 7725 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 56746 हो गई है। दिल्ली में अब तक 31294 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राजधानी में शनिवार को 77 लोगों की मौत हुई। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक 2112 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 23340 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 262 हुई
दिल्ली सरकार ने शनिवार को जानकारी दी है कि दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 262 हो गई है। अब तक कुल 73 इलाकों को कंटेनमेंट जोन की सूची से बाहर किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर में 41 नए मामले
गौतमबुद्ध नगर में शनिवार को कोरोना वायरस के 41 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1369 हो गई है। जिले में शनिवार को 661 लोगों को डिस्चार्ज किया गया, जबकि गौतमबुद्ध नगर में अभी 690 सक्रिय मामले हैं। कोरोना वारस से जिले में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।
फरीदाबाद में कोरोना वायरस के 97 नए मामले
फरीदाबाद में शनिवार को कोरोना वायरस के 97 नए मामले सामने आए हैं। जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
गुरुग्राम में कोरोना वायरस के 171 नए मामले
गुरुग्राम में कोरोना के नए मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भी कोरोना के 171 नए मरीज सामने आए। चार संक्रमितों की मौत भी हो गई। अब तक 2408 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 1840 मरीज उपचाराधीन हैं। जिले के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने का सिलसिला भी जारी है। इसी क्रम में शनिवार को भी 116 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कोरोना मरीजों के लिए बेड की दरें तय करने को दी मंजूरी
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने शनिवार को बताया कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कोरोना के मरीजों के लिए बेड की दरें तय करने की उच्च-स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों को मंजूरी दी।अस्पातालों में आइसोलेशन बेड,आईसीयू की वेंटिलेटर के बिना और साथ दरें : 8000-10000,13000-15000और15000-18000 रुपये क्रमश: तय की गई हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार को दिए निर्दश
दिल्ली मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए कुछ जिलों में आकस्मिक आधार पर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए परामर्श केंद्र खोलने पर विचार करने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए हैं।
मनीष सिसोदिया ने एलजी को कहा शुक्रिया
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को कहा कि कोरोना मरीजों के लिए होम आइसोलेशन अब जारी रहेगा। एलजी की आशंकाओं को एसडीएमए की बैठक में हल किया गया है। हम इसके लिए एलजी का शुक्रिया अदा करते हैं ।
एलजी ने वापस लिया पांच दिन के संस्थागत क्वारंटीन का फैसला
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने डीडीएमए की बैठक में पांच दिन के संस्थागत क्वारंटीन का फैसला वापस ले लिया है। डीडीएमए की दोबारा हुई बैठक में सरकार की ओर से किए गए विरोध के बाद उपराज्यपाल ने अपना फैसला वापस ले लिया है।
दिल्ली से होम आइसोलेशन खत्म किए जाने को लेकर दिल्ली-केंद्र आमने-सामने
केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली में होम आइसोलेशन खत्म किए जाने के आदेश के बाद दोनों सरकारें आमने सामने आ गई हैं। आज दिल्ली के विधायक राघव चड्ढा ने कहा कि कल के आदेश के अनुसार सभी कोरोना मरीज जिनमें लक्षण नहीं हैं या फिर मामूली लक्षण हैं, उन्हें पांच दिन के क्वारंटीन में रहना होगा। मेरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने बताया है कि वो लोग अपना टेस्ट ही नहीं कराएंगे क्योंकि उनके मन में क्वारंटीन सेंटर को लेकर डर है। राघव ने आगे कहा कि, हमारी गणना के अनुसार दिल्ली में 30 जून तक 15000 बेड चाहिए होंगे लेकिन इस आदेश के बाद अब हमें 30 जून तक 90 हजार बेड की व्यवस्था करनी होगी। ये 90 हजार बेड कहां से आएंगे?
सीएमओ कार्यालय के दो कर्मचारी पॉजिटिव
गाजियाबाद सीएमओ कार्यालय में 2 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक कर्मचारी क्वारंटीन प्रभारी का स्टेनोग्राफर है जबकि दूसरा जिला एमएमजी अस्पताल में वैक्सीन कोल्ड चेन मेंटेन करने वाला कर्मचारी है। कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। स्वास्थ विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वैक्सीन सेंटर एवं सीएमओ कार्यालय 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। सोमवार से कार्यालय एवं वैक्सीन सेंटर दोबारा खोला जाएगा। शनिवार एवं रविवार को कार्यालय में किसी भी कर्मचारी अधिकारी या बाहरी व्यक्ति का आवागमन बंद रहेगा। हालांकि इस दौरान सीएमएसडी स्टोर खुला रहेगा। यह सीएमओ कार्यालय से 200 मीटर की दूरी पर है। जिससे सीएचसी एवं पीएचसी पर भेजी जाने वाली दवाइयों सहित अन्य मेडिकल संबंधित चीजों की परेशानी ना हो।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री की प्लाज्मा थेरेपी की गई
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की प्लाज्मा थेरेपी की गई है। इसके बाद से अब उन्हें बुखार नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले 24 घंटे तक उन्हें आईसीयू में रखा जाएगा और उनकी तबीयत मॉनीटर की जाएगी।