कोरोना वायरस के चलते 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन के बाद दिल्ली के लोगों को जरूरी सामानों की कमी न हो इसके लिए आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। दोनों ने लोगों से अपील की है कि आप अपने घरों में रहें। परेशान न हों, सभी जरूरत के सामानों की दुकानें बंद नहीं की जाएंगी ऐसे में दुकानों पर भीड़ न लगाएं।
उन्होंने कहा कि जो लोग जरूरी सेवाओं से जुड़े हुए हैं उन सब लोगों को हम पास देंगे, जिनके पास आईडी है वो आईडी का इस्तेमाल करें। बाकी जिनके पास आईडी नहीं है वो ई-पास का इस्तेमाल करें। ई-पास के लिए आप 1031 पर फोन करें। ये जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए हैं आम लोगों के लिए नहीं है।
केजरीवाल ने बताया कि जो लोग अपने स्थानीय किराने की दुकानों से खरीदते हैं , जो उनके पड़ोस या कॉलोनियों में स्थित हैं, उन्हें कर्फ्यू पास की आवश्यकता नहीं है। लोगों को अपनी स्थानीय किराने की दुकानों तक जाने के लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं है। आप अपनी स्थानीय किराना दुकानों से सब्जियां, दवाएं, दूध और अन्य चीजें खरीद सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद हमने कल देखा कि लोग जरूरी सामानों की दुकानों के बाहर लाइन लगा कर खड़े हो गए। मैं दोबारा लोगों से अपील करता हूं कि घबराकर खरीदारी मत कीजिए। मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि जरूरी सामान की कोई किल्लत नहीं होगी।
दुकानदारों के लिए ई-पास जारी होगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि जरूरी सामानों के उन विक्रेताओं के लिए ई-पास जारी किया जाएगा, जो अपनी दुकानें और फैक्टरियां खोलना चाहते हैं।
किसी भी तरह की समस्या के लिए हेल्पलाइन जारी
किसी भी तरह की परेशानी होने पर लोगों के लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर की ओर से एक हेल्पलाइन जारी की गई है। केजरीवाल ने कहा कि अगर आपको किसी भी तरह की कोई भी परेशानी हो तो आप इस हेल्पलाइन नंबर- 23469536 पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकते हैं।
केजरीवाल ने बताया कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना वायरस के पांच नए केस सामने आए हैं। अब दिल्ली में कोरोना वायरस के 35 मामले हो गए हैं।