कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सख्त कदम उठाए हैं। इसके तहत मेट्रो कोच में खड़े होकर यात्रा करना संभव नहीं होगा। वहीं, दो यात्रियों के बीच एक सीट का गैप रहेगा।
मेट्रो प्रशासन का कहना है कि मेट्रो स्टेशन में एक मीटर की दूरी बनानी होगी। स्टेशन पर ज्यादा भीड़ होने की हालत में मेट्रो ट्रेन उस स्टेशन पर नहीं रुकेगी। गुरुवार देर शाम दिल्ली मेट्रो ने इस बारे में दिशा-निर्देश जारी किए। दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन पर थर्मल स्कैनिंग का इंतजाम होगा।
अगर किसी यात्री में कोरोना का लक्षण मिलता है तो उसे सिर्फ मेट्रो से सवारी करने से ही नहीं रोका जाएगा, बल्कि उसे जांच के लिए चिकित्सकों की टीम को सौंप दिया जाएगा। मेट्रो की अपील है कि परिसर के भीतर कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में मदद करें और जरूरी होने पर ही यात्रा करें।
मेट्रो में सफर के दौरान अधिक सतर्कता बरतें यात्री
मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को संक्रमण से बचने के लिए खुद को अधिक सतर्क रखना होगा। डीएमआरसी की ओर से यात्रियों को जागरूक करने के लिए लगातार एहतियात बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
डीएमआरसी का कहना है कि अगर किसी भी वक्त यात्री कोच में परेशानी महसूस करता है, तो गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रा के दौरान किसी भी स्टेशन पर दूसरी मेट्रो का भी उपयोग कर सकता है। मेट्रो में यात्रा करने से पहले और बाद में हाथों की सफाई करें। इसके लिए सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें और जरूरत पड़े तो मास्क भी लगाएं। संक्रमण से बचना है तो सफर के लिए कार्ड का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।