दिल्ली से सटे गुरुग्राम में बुधवार को कोरोना के 260 नए मरीज सामने आए। वहीं महज 182 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। स्वास्थ्य विभाग नए मरीजों की संख्या बढ़ने के लिए भले ही लोगों की लापरवाहियों को जिम्मेदार ठहरा रहा हो, लेकिन सच्चाई यह है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने में प्रशासन की तरफ से भी जमकर ढिलाई बरती जा रही है।
स्थिति यह है कि पिछले 9 दिनों में ही जिले में कोरोना के 1800 से ज्यादा नए मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1400 से भी कम रही है। अब जिले में कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 13986 तक पहुंच चुकी है।
इनमें से 11988 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि बुधवार को एक भी संक्रमित की मौत नहीं हुई। अब तक 140 संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं। कुल सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 1858 हो चुकी है। इसमें से 1662 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 196 मरीज विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।