गुरुग्राम में पिछले कुछ समय के दौरान कोरोना के नए मरीजों की संख्या में कमी आई है। मरीजों को स्वस्थ भी घोषित किया जा रहा है लेकिन मरने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। इसी क्रम में सोमवार को 6 और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 90 हो गई है। इसमें से सिर्फ जून माह में ही 87 मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मई तक जिले में कुल मृतकों की संख्या 3 थी। वहीं, सोमवार को 102 नए मरीज आए और जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर अब 5260 हो गई है। इसमें से 3882 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 1288 मरीज अब भी उपचाराधीन हैं। सोमवार को भी 135 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। उपचाराधीन 1288 मरीजों में से 828 मरीज होम आइसोलेट हैं, 59 मरीज कोविड अस्पताल और 358 मरीज कोविड हेल्थ सेंटर में उपचाराधीन हैं। वहीं, 43 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं।
29 दिन में आए 4468 मरीज तो 87 की मौत
कोरोना संक्रमण की दृष्टि से जून का माह जिले के लोगों के लिए काफी खराब साबित हो रहा है। जून माह अभी चल ही रहा है और अब तक 29 दिनों में कोरोना के 4468 नए मरीज आ चुके हैं, जबकि 87 मरीजों की मौत भी हुई है। वहीं, 3598 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। 31 मई को जिले में कोरोना के कुल 774 मरीज थे, जबकि सिर्फ 3 मरीजों की मौत हुई थी। वहीं, इस वक्त तक सिर्फ 284 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया था। स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर अब 3882 हो गई है। जिले में मरीजों के स्वस्थ होने की दर इस समय 74 फीसदी हो गई है।