गुरुग्राम में कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
कोरोना मरीजों के मुकाबले अब स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को भी 77 नए मरीज आए तो 105 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 8989 हो गई है जबकि कोरोना से जिले में अब तक 122 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
कोरोना के सभी नए मरीजों को आइसोलेट करने के साथ ही गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया गया है। जिले में कोविड-19 की जांच को लेकर चल रहे अभियान को 9 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को भी विभिन्न जगहों पर शिविर का आयोजन किया गया।
कोरोना मरीजों के तेजी से स्वस्थ होने के कारण अब जिले में कुल संक्रमितों के स्वस्थ होने का अनुपात 87 फीसदी से भी ज्यादा हो गया है। यहां तक कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या अब 1 हजार से भी नीचे आ गई है। कुल मरीजों में से अब महज 991 मरीज ही सक्रिय हैं, जिसमें से 772 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 219 मरीज उपचाराधीन हैं।
खास बात यह है कि जिला कोविड हेल्थ सेंटर से मरीजों की संख्या कम हो रही है और कोविड केयर सेंटर में मरीज बढ़ रहे हैं। 75 मरीजों को जिला कोविड हेल्थ सेंटर में भर्ती किया गया है। वहीं, 139 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं। वहीं, 5 मरीज जिला कोविड अस्पताल में भर्ती हैं।
बृहस्पतिवार को जिले में 1615 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। इसमें से 1254 नमूने शासकीय लैब में जांच के लिए भेजे गए जबकि 361 नमूने निजी लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक जिले में 1 लाख 1803 लोग कोविड-19 की जांच करा चुके हैं।