गुरुग्राम में कोरोना संक्रमण के मामले में जिले की स्थिति दिनोंदिन खराब हो रही है। अब तो स्थिति यह है कि प्रतिदिन नए मरीजों के आने का रिकॉर्ड टूट रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भी अब तक के सर्वाधिक 326 नए मरीज सामने आए जबकि 196 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। संक्रमण के चलते शनिवार को 2 मरीजों की मौत भी हुई।
इसी के साथ जिले में कोरोना के चलते मरने वालों का आंकड़ा 145 तक पहुंच चुका है। इसमें से 102 पहले से किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे जबकि 32 मरीजों में पहले से कोई खास गंभीर बीमारी नहीं थी।
पिछले दो दिनों से लगातार प्रतिदिन 300 से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि संक्रमण के मामले में जिले की स्थिति अब फिर से बिगड़ने लगी है। अब जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 14910 हो चुकी है, जिसमें से 12597 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया जा चुका है जबकि 2168 मरीज उपचाराधीन हैं। इन 2168 उपचाराधीन मरीजों में से 1945 होम आइसोलेट हैं जबकि 223 मरीज विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
सबसे ज्यादा 3752 की हुई जांच
जिले में शनिवार को अब तक की सबसे ज्यादा 3752 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। इसमें से रैपिड एंटीजन किट व शासकीय लैब में आरटी-पीसीआर के जरिए जांच के लिए 2654 लोगों के नमूने लिए गए जबकि 1098 लोगों की निजी लैब में जांच की गई। अब तक हुई कुल 199833 जांच में से 181171 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है जबकि 14910 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मालूम हो कि सितंबर में ही अब तक जिले में 25 हजार से ज्यादा लोगों की कोविड-19 की जांच हो चुकी है।