गुरुग्राम में कोरोना के नए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन राहत की बात यह है कि अस्पतालों में उपचाराधीन संक्रमितों की संख्या लगातार घट रही है। अब जिले के कुल संक्रमितों में से महज 3 फीसदी मरीज ही अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
गुरुग्राम में मंगलवार को 121 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी मरीजों को आइसोलेट कर दिया गया है। जिन मरीजों में कोरोना के गंभीर लक्षण थे, उनको अस्पतालों में भर्ती किया गया है। इसी के साथ अब जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या भी 7978 तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि मंगलवार को कोरोना से जिले में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई, जिससे मृतकों की संख्या 116 पर सीमित रही।
स्वस्थ होने का अनुपात 85 फीसदी हुआ
मंगलवार को 98 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया, जिसके बाद अब कुल संक्रमितों में से 6791 मरीज कोरोना को मात देकर जिंदगी की पटरी पर वापस लौट चुके हैं। मरीजों के तेजी से स्वस्थ होने के कारण अब जिले में कुल संक्रमितों के स्वस्थ होने का अनुपात 85 फीसदी तक हो गया है। कुल मरीजों में से अब महज 1071 मरीज ही सक्रिय हैं, जिसमें से 864 मरीज होम आइसोलेट हैं, जबकि 217 मरीज उपचाराधीन हैं।
खास बात यह है कि जिला कोविड अस्पतालों में मरीजों की संख्या अब तेजी से कम हो रही है। अब जिला कोविड अस्पतालों में महज 15 मरीज ही उपचाराधीन हैं जबकि 133 मरीजों को जिला कोविड हेल्थ सेंटर में भर्ती किया गया है। वहीं, 59 मरीज जिला कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं।
सोहना में मिले 13 कोरोना संक्रमित
सोहना में कोरोना के नए मरीजों के आने का सिलसिला नहीं थम रहा है। मंगलवार को भी सोहना में 13 संक्रमित सामने आए, जबकि कुल 233 लोगों की कोविड-19 जांच की गई। सोहना में मंगलवार को दो जगह कोविड-19 जांच शिविर का आयोजन किया गया। बाल भारती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 150 लोगों की जांच की गई जबकि सोहना नागरिक अस्पताल में 83 लोगों की जांच की गई। इससे पहले सोमवार को भी सोहना में कोरोना के 18 नए मरीज सामने आए थे, जबकि कुल 134 लोगों की जांच की गई थी।
कुल 2286 की हुई जांच
मंगलवार को जिले में 2286 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई। इसमें से 1882 नमूने शासकीय लैब में जांच के लिए भेजे गए। इसमें आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटीजन से होने वाली जांच के लिए नमूने शामिल रहे। वहीं, 404 नमूने निजी लैब में जांच के लिए भेजे गए है। अब जिले में कोविड-19 की जांच कराने वालों की संख्या 83917 हो चुकी है, जिसमें से 73653 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 7978 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।