गुरुग्राम में कोरोना वायरस (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
गुरुग्राम में कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात अब तेजी से बढ़ रहा है लेकिन मरीजों की मौत का सिलसिला नहीं थम रहा। गुरुवार को भी जिले में 4 कोरोना मरीजों की मौत हो गई तो 106 नए मरीज आए। वहीं, 212 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ अब जिले में मरीजों के स्वस्थ होने का अनुपात 74 फीसदी हो गया है। अब जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या भी बढ़कर 5569 हो गई है। इसमें से 4290 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 1183 मरीज उपचाराधीन हैं। इनमें 755 मरीज होम आइसोलेट हैं, जिनमें कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
वहीं, अस्पतालों में उपचाराधीन कुल मरीजों में से 50 जिला कोविड अस्पताल, 328 मरीज जिला कोविड हेल्थ सेंटर व 50 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। हालांकि, मृतकों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है और सिर्फ जून माह में ही 88 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई, जबकि अब तक जिले में कोरोना से संक्रमित कुल 96 मरीजों की मौत हो चुकी है।
गुरुवार को जिले में कोविड-19 की जांच के लिए 1648 लोगों ने नमूने दिए। इसमें से निजी लैब में जांच के लिए 501 नमूने भेजे गए तो शासकीय लैब व रैपिड एंटीजन किट के जरिए 1147 नमूनों की जांच की गई। इसी के साथ अब जिले में कुल 36419 लोगों की कोविड-19 की जांच हो चुकी हैं, जिसमें से 5569 पॉजिटिव व 29202 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।