कोरोना संक्रमण अब जानलेवा हो चला है। बुधवार को संक्रमण पीड़ित पांच और लोगों की मौत हो गई। संक्रमण के नए मामलों में भी सारे रिकॉर्ड टूट गए और 227 नए मामलों की पुष्टि आधिकारिक आंकड़ों के साथ हुई। पहली बार जिले में 24 घंटे के अंदर संक्रमण मामले 200 के पार दर्ज किए गए। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 1807 पहुंची गई है।
संक्रमण पीड़ित मृतक बुजुर्गों में तीन महिलाएं और दो पुरुष
बुधवार को पांच मरीजों की मौत के साथ संक्रमण पीड़ितों मृतकों का आंकड़ा 38 से बढ़कर 43 हो गया है। जिन पांच नए मामलों की मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है, उसमें दो पुरुष और तीन बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं। सेक्टर-49 में दो कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें 78 वर्षीय बुजुर्ग और 57 वर्षीय महिला थी। एनआईटी-2 निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग, डीएलएफ क्षेत्र स्थित राजीव नगर निवासी 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला और एसजीएम नगर निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत की पुष्टि भी बुधवार को कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने की।
पहली बार 227 नए मामले मिले
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 227 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की। यह मरीज ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ व एनआईटी के अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित हैं। एनआईटी के इलाकों में जवाहर कालोनी, एसी नगर, भारत कालोनी, डबुआ, संजय कालोनी के अलावा आदर्श नगर, सेक्टर-3,15,16, 23 व 19 शामिल है। बुधवार को संक्रमित पाए गए ज्यादातर मामलों को होम आइसोलेशन में उपचाराधीन रखा गया है। अब तक कुल 1807 संक्रमितों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है।
अब तक 596 हो चुके हैं स्वस्थ
राहत भरी खबर यह है कि बुधवार को ही 124 लोग स्वास्थ्य भी हुए। कुल 596 संक्रमित कोरोना को मात दे चुके हैं। एक्टिव मामले 1168 तक पहुंच चुके हैं, इनमें से 504 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, 664 मरीजों को होम आइसोलेशन में उपचाराधीन रखा गया है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई है, उन्हें पहले से ही गंभीर बीमारियां थीं। अस्पताल में 20 लोगों की हालत गंभीर है, इनमें से 4 आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं। 145 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें अस्पताल में दाखिल हुए 10 दिन से अधिक समय हो गया है। अभी 793 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।