फरीदाबाद में कोरोना के 296 नए मामले व दो मरीजों की मौत की पुष्टि रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने की। इस दौरान 221 संक्रमित स्वस्थ भी हुए पर रिकवरी दर गिरकर 94.1 से 93.8 फीसदी रह गई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अशोका एंक्लेव में 90 वर्षीय संक्रमित व बल्लभगढ़ निवासी 66 वर्षीय संक्रमित की मौत बीते 24 घंटों में हुई। अब तक हुई कुल 250 मौतों में से 204 की मौत का कारण कोरोना के साथ अन्य दीर्घकालीन बीमारियों का घातक स्वरूप रहा। वहीं, 46 मरीजों की मौत का कारण स्पष्ट रूप से कोरोना रहा है।
अब तक 25591 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 24015 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना के नए केस तेजी से बढ़ने से सक्रिय मामले 1326 हो गए हैं। इनमें से 290 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 1036 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। 45 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से 11 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। सक्रिय मामलों की दर 4.4 फीसदी हो गई है। कोरोना के मामले अब 96 दिनों में दोगुने हो रहे हैं।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अब तक 250527 सैंपल लिए हैं। रविवार को 1742 सैंपल लिए गए। इनमें से 350 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब प्रति एक लाख की आबादी में 13918 सैंपल लिए जा रहे हैं।