फरीदाबाद में कोरोना वायरस के मामले भले ही तेजी से बढ़ रहे हैं, मगर कोरोना से ठीक हुए मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। जिले में मंगलवार को 298 मरीज ठीक हुए हैं। इसके बाद अब तक 2401 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, मंगलवार को 143 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। जबकि दो लोग कोरोना से जंग हार गए। जिले में कुल मरीजों की संख्या 3731 हो गई है।
नए कोरोना संक्रमित लोग ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी फरीदाबाद व बल्लभगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित हैं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को सेक्टर 21डी में रहने वाले 78 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति और राजीव नगर में रहने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। इन दोनों को कोरोना संक्रमण के साथ दूसरी गंभीर बीमारियां भी थी, जिसके चलते इनकी मौत हो गई है। जिले में फिलहाल 1253 एक्टिव केस हैं, जबकि कुल 77 लोगों को अभी तक मौत हो चुकी है।
एक्टिव केसों में से 520 अस्पतालों में दाखिल हैं, जबकि 733 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अस्पताल में दाखिल 89 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें से 18 आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
कोरोना संक्रमण के साथ दूसरी बीमारियों के मरीज ज्यादा
जिला नोडल और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत के अनुसार अभी तक जितने भी मरीजों की मौत हुई है। वे सभी कोरोना संक्रमण के साथ दूसरी गंभीर बीमारियां से पीड़ित थे। उन्होंने बताया कि 125 मरीज ऐसे भी हैं, जिन्हें अस्पताल में दाखिल हुए 10 दिन से अधिक समय हो गया है। जिले में अभी तक 23416 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 19263 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 422 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। उन्होंने बताया कि जिले में 20766 लोग स्वास्थ्य विभाग के सर्विलांस पर हैं।
रैपिड एंटीजन 150 टेस्ट किए, 17 संक्रमित मिले
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। संक्रमित इलाकों में उच्च स्तर पर रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं। सोमवार को डबुआ और संजय कॉलोनी और बल्लभगढ़ के कुछ इलाकों में 150 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के अनुसार इनमें 17 मरीज संक्रमित पाए गए।