दिल्ली में कोरोना वायरस में गिरावट के बाद मंगलवार को एक बार फिर मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। मंगलवार को दिल्ली में कोरोना के 1,056 नए मामले सामने आए। इससे पहले सोमवार को राजधानी में महज 613 नए मामले सामने आए थे।
यह पिछले 65 दिनों के बीच की सबसे बड़ी गिरवाट थी। इसके बाद एक बार फिर आज बड़ी संख्या में नए मरीज सामने आए। दिल्ली में आज कुल 1,135 मरीज ठीक होकर घर गए।
इसी के साथ राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,32,275 हो गई है, जिसमें 1,17,507 ऐसे मरीज भी शामिल हैं जो ठीक हो चुके हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 28 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में अब तक कुल 3881 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल दिल्ली में 10,887 एक्टिव मामले हैं। बता दें कि अब तक दिल्ली में 9,76,827 टेस्ट हो चुके हैं। इनमें से 4,843 आरटीपीसीआर और 13,701 रैपिड एंटीजेन टेस्ट पिछले 24 घंटों में किए गए।