दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के 3 हजार नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 59746 हो गई है। रविवार को राजधानी में 63 लोगों की मौत हुई। जबकि 1719 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक 2175 लोगों की मौत हो चुकी है। अबतक राजधानी में 33013 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दिल्ली में अभी 24558 सक्रिय मामले हैं।
कौन रह सकते हैं होम आइसोलेशन में और किन्हें जाना होगा कोविड सेंटर
राजधानी में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच दिल्ली सरकार ने कोरोना मरीजों के लिए नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार ऐसे मरीज जिनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, उन्हें अब क्लीनिकल जांच के लिए कोविड केयर सेंटर भेजा जाएगा।
मेडिकल जांच में मरीज की हालत और लक्षणों की गंभीरता को देखते हुआ आगे का निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद मरीज को होम आइसोलेशन में रखने के लिए पर्याप्त सुविधाओं की जांच की जाएगी।
अगर मरीज की हालत बहुत गंभीर नहीं है, उनमें संक्रमण के कम लक्षण हैं, अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यक्ता नहीं है और उनके घर में होम आइसोलेशन की व्यवस्था है तो आगे मरीज की इच्छा पूछी जाएगी। अगर मरीज कोविड केयर सेंटर में रहना चाहे तो वहीं रह सकता है और नहीं तो होम आइसोलेशन में जा सकता है।
प्लाजमा थेरेपी के बाद सत्येंद्र जैन की तबीयत में सुधार
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत में रविवार को सुधार हुआ है। उनके कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार को प्लाजमा थेरेपी के बाद से उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। प्लाजमा थेरेपी का जैन की तबीयत पर साकारात्मक असर पड़ा है।