दिल्ली में कोरोना के आंकड़ों में लगातार गिरावट आ रही है। दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 674 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 12 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,39,156 हो गई है। मंगलवार को दिल्ली में 972 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। दिल्ली में अब तक 1,25, 226 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक कुल 4033 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी कुल 9897 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि मंगलवार को राजधानी में 4108 आरटी-पीसीआर जांच और 5187 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। दिल्ली में अब तक कुल 10,83,097 जांच की गई हैं। दिल्ली में अभी कुल 499 कंटेनमेंट जोन हैं।
10 हजार से अधिक कोरोना मरीज घर पर हुए ठीक : स्वास्थ्य विभाग
राजधानी में एक महीने में 10 हजार से अधिक मरीज घर पर रहकर ही ठीक हो गए। इस समय कुल सक्रिय मामलों में से 50 फीसदी से अधिक मरीजों का घर पर ही इलाज किया जा रहा है। होम आईसोलेशन में दी जा रही बेहतक सुविधाओं से ही यह हो सका है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 2 जुलाई तक होम आईसोलेशन में रहने वाले मरीजों की संख्या 16129 थी। अब यह 5577 रह गई है। इस हिसाब से देखें तो एक माह में 10,552 लोग घर पर रहकर ही ठीक हो गए हैं। इस समय कुल 10207 सक्रिय मामले हैं। यानी, 53 फीसदी मरीज घर पर ही रहकर इलाज करा रहे हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार की होम आइसोलेशन की रणनीति काफी कारगर रही है। ऐसे मरीजों को होम आइसोलेशन की इजाजत दी गई, जिनमें कोरोना वायरस के लक्षण तो थे, लेकिन वह गंभीर मरीज नहीं थे। दिल्ली में कोरोना के 80 फीसद मरीज कम लक्षण वाले हैं। ऐसे मरीजों के लिए मेडिकल टीम का गठन किया गया, जो घर जाकर होम आइसोलेशन की बारीकियों के बारे में समुचित जानकारी देती है। ऐसे मरीजों की रोजाना मॉनिटरिंग करने के साथ उनकी देखभाल के तमाम उपाय भी बताए जाते हैं। फोन के जरिए डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी संपर्क में रहते हैं।