देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना का अलग ही असर दिखाई दे रहा है,लेकिन राजधानी दिल्ली हालात इन दिनों सामान्य हैं। तीन-तीन बार कोरोना वायरस की लहर देखने वाली दिल्ली में अब तक संक्रमण की वजह से 10 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को मरने वालों का कुल आंकड़ा 10 हजार पार हो गया है। इतना ही नहीं इसी साल मार्च माह में पहला संक्रमित मरीज मिलने के बाद अप्रैल माह में पहली मौत हुई थी। इसके बाद से अब तक सबसे ज्यादा मौतें नवंबर माह में हुई।
रविवार को दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने पिछले एक दिन में 1984 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने की जानकारी दी है। साथ ही 33 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। इस बीच दिल्ली में 2539 कोरोना संक्रमित मरीजों को स्वस्थ घोषित भी किया गया। विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 72,335 सैंपल की जांच हुई जिनमें से 2.74 फीसदी संक्रमित मिले हैं। फिलहाल पिछले 10 दिन में हुई मौतों के चलते दिल्ली में मृत्युदर 2.32 फीसदी दर्ज की गई है।
इसी के साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 607454 हो चुकी है जिनमें से 580655 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। वहीं 10014 लोगों की अब तक संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है। दिल्ली में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 16785 हो चुकी है जिनमें से 9964 मरीज अपने अपने घरों में चिकित्सीय निगरानी में हैं। वहीं कंटेनमेंट जोन की संख्या भी तीन दिन बाद घटी है। दिल्ली में अब कंटेनमेंट जोन की संख्या 6400 से घटकर 6388 रह गई है।
आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में सबसे पहले कोरोना संक्रमित की मौत 13 मार्च को हुई थी। उस वक्त आरएमएल अस्पताल में भर्ती एक महिला संक्रमित मरीज ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। तब से रोजाना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़ा है। पहली और दूसरी लहर में यह आंकड़ा कम था लेकिन तीसरी लहर में एक दिन में 100-100 से भी ज्यादा मरीजों की मौत दर्ज की गई है। राजधानी में पहले एक हजार मरीजों की मौत 58 दिन में हुई थी।
जबकि इसके बाद आठ, 15, 29,50, 27 और 22 दिन के अंतराल में एक एक हजार मरीजों की मौत हुई। इसके बाद मौत की बढ़ोतरी का आकलन इस बात से किया जा सकता है कि अंतिम तीन हजार मरीजों की मौत महज 30 दिन में हुई है। 29 नवंबर को ही दिल्ली में मौत का आंकड़ा नौ हजार पार हुआ था। अब 14 दिन में एक हजार और लोगों की मौत के बाद कुल संख्या 10 हजार के पार पहुंची है।
ढाई हजार जिंदगियां छीन ले गया नवंबर माह
कोरोना वायरस की तीसरी लहर आने के बाद देश में सबसे ज्यादा केस और मौतें रोजाना दिल्ली में देखने को मिल रही थीं। त्योहार के वक्त दिल्ली में प्रतिदिन आठ हजार से भी ज्यादा संक्रमित मरीज आने लगे तो मौत का आंकड़ा भी 100 के पार हो गया। 31 अक्तूबर तक दिल्ली में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 6511 थी जोकि 30 नवंबर तक 9174 तक पहुंच गई। एक से 30 नवंबर के बीच दिल्ली में 2663 लोगों ने कोरोना के चलते दम तोड़ दिया था।