दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 1606 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 35 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,15,346 हो गई है। राजधानी में मंगलवार को 1924 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। दिल्ली में अब तक कुल 93,236 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक कुल 3446 मरीजों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 18664 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि मंगलवार को दिल्ली में 5650 आरटी-पीसीआर जांच और 15413 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। राजधानी में अब तक कोरोना वायरस की कुल 713908 जांच की गई हैं। दिल्ली में अभी कुल 657 कंटेनमेंट जोन हैं।
केजरीवाल ने एलएनजेपी में शुरू किया दूसरा प्लाज्मा बैंक
आईएलबीएस संस्थान के बाद दिल्ली के सबसे बड़े कोविड अस्पताल एलएनजेपी में भी प्लाज्मा बैंक शुरू हो गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को इसका उद्धाटन किया। केजरीवाल ने दावा किया कि जब तक कोरोना वायरस की वैक्सीन नहीं आती, ये प्लाज्मा बैंक काफी मददगार साबित होंगे।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि प्लाज्मा थैरेपी कोरोना के इलाज में काफी कारगर साबित हो रही है। राजधानी में मृत्यु दर कम करने में इस थैरेपी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि पिछले काफी दिनों से राजधानी में हालात लगातार सुधर रहे हैं। रिकवरी रेट बढ़ा है और संक्रमण दर भी कम हुई है। लोगों को अभी और सावधानी बरतने की जरूरत है। एलएनजेपी का यह बैंक दिल्ली के केंद्र में है। इससे लोग यहां आसानी से आकर प्लाज्मा ले सकेंगे और दान भी कर सकेंगे।
मरीजों की संख्या बढ़ने पर भी नहीं होगी बेड की कमी
अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, कोविड अस्पतालों में 70 फीसदी से ज्यादा बेड खाली है, लेकिन सरकार इनकी संख्या को बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इससे आने वाले समय में अगर मरीज बढ़ें भी तो बेड की कोई दिक्कत न हो। केंद्र और दिल्ली सरकार इस महामारी से मिलकर लड़ाई कर रहे हैं। इस कारण ही दिल्ली में हालात लगातार सुधर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरोना से लड़ाई के दिल्ली मॉडल की सराहना की है। इस बात की उन्हें काफी खुशी है।