दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस के 1398 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 9 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 1,56,139 हो गई है। राजधानी में बुधवार को 1320 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। दिल्ली में अब तक कुल 1,40,767 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक कुल 4235 लोगों की मौत हुई है। राजधानी में अभी कुल 11137 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि बुधवार को राजधानी में 6317 आरटी-पीसीआर जांच और 14498 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस की कुल 13,58,189 जांच की गई हैं। राजधानी में अभी कुल 560 कंटेनमेंट जोन हैं। दिल्ली में अभी संक्रमण दर 6.72 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 90.2 फीसदी है। वहीं सक्रिय मरीजों की दर 7.12 फीसदी है। दिल्ली में अभी 5377 लोग होम आइसोलेशन में है। राजधानी में डेथ रेट घटकर 2.74 फीसदी पर पहुंच गया है।
होटल और साप्ताहिक बाजार खोलने की मिली मंजूरी
दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में आज फैसला हुआ है कि राजधानी में अनलॉक 3 की तहत होटल खोले जाएंगे और साप्ताहिक बाजारों को ट्रायल बेसिस पर खोला जाएगा। हालांकि जिम खोलने की अनुमति अब भी नहीं मिली है।
बता दें कि दिल्ली सरकार ने अनलॉक 3 के शुरुआत में ही यह फैसला लिया था कि केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार दिल्ली में भी होटल, जिम खुलेंगे। इसके साथ ही साप्ताहिक बाजार ट्रायल बेसिस पर खुलेंगे। सरकार के इस फैसले को बाद में उपराज्यपाल अनिल बैजल ने यह कहते हुए पलट दिया था कि इससे दिल्ली में कोरोना की स्थिति कभी भी खराब हो सकती है। आधिकारिक सूत्रों का कहना था कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण की हालत अभी भी गंभीर है। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ जुटने से समस्या और गंभीर हो सकती है।
हालांकि एलजी के इस फैसले के बाद दिल्ली सरकार ने दोबारा ये प्रस्ताव उनके पास भेजा था। आज जब दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट की बैठक हुई तो उसमें फैसला लिया गया कि होटल और साप्ताहिक बाजार जरूर खुलेंगे लेकिन जिम नहीं खोले जाएंगे।