दिल्ली में सोमवार को कोरोना वायरस के 1007 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 17 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29943 हो गई है। राजधानी में आज 358 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। जबकि अबतक 11357 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
दिल्ली में कोरोना वायरस से अबतक कुल 874 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 17712 सक्रिय मामले हैं।
क्या दिल्ली में फैल रहा सामुदायिक संक्रमण? राज्य सरकार ने बुलाई अहम बैठक
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जानकारी दी है कि दिल्ली में मंगलवार कोरोना वायरस की स्थिति के आकलन के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि क्या कोरोना वायरस दिल्ली में समुदायिक स्तर पर फैल गया है। अगर विशेषज्ञ कहते हैं कि दिल्ली में वायरस का सामुदायिक प्रसार है, तो संक्रमण से लड़ने की हमारी रणनीति में बदलाव किया जाएगा। मैं बैठक में भाग लूंगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तबीयत खराब होने की वजह से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में शामिल नहीं होंगे। सिसोदिया ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने उन्हें बैठक में मौजूद रहने के लिए कहा है।
सीएम केजरीवाल की तबीयत खराब
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत खराब है। उन्हें हल्का बुखार और गले में खराश की शिकायत है। उन्हें यह तकलीफ रविवार दोपहर से ही है। वह इस समय अपने घर में ही पृथकवास (आइसोलेट) पर हैं।
बताया जा रहा है कि उनकी कोरोना जांच भी कराई जाएगी। जानकारी तो ये भी है कि उन्होंने रविवार दोपहर से अपनी सारी बैठक रद्द कर दी हैं और किसी से मुलाकात नहीं की है। हालांकि राहत की बात ये है कि उन्हें ज्यादा तकलीफ नहीं है।