दिल्ली में कोरोना वायरस (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 2089 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 42 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में शुक्रवार को 2468 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 109140 हो गई है। दिल्ली अब तक 84694 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अब तक 3300 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 21146 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी कि शुक्रवार को राजधानी में 10129 आरटी-पीसीआर और 12832 रैपिड एंटीजन जांच की गई हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस की कुल 747109 जांच की गई हैं।
जीटीबी अस्पताल में बढ़ेंगे 450 आईसीयू बेड
पूर्वी दिल्ली के सबसे बड़े कोविड विशेष गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भी आईसीयू बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। यहां 450 नए बेड बढ़ाने की तैयारी चल रही है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल 1500 बेड हैं, जिनमें करीब 60 आईसीयू सुविधा से लैस हैं।
पहले यह संख्या 30 थी, जिसे हाल ही में दोगुना किया गया है। अब आईसीयू में 450 नए बेड बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है। सभी बेड पर वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की सुविधा रहेगी। सोमवार को दिल्ली के दो बड़े कोविड अस्पताल एलएनजेपी और राजीव गांधी में आईसीयू बेड की संख्या बढ़ाकर तीन गुना की गई थी।
सरकार ने दिए थे आदेश
19 जून को दिल्ली सरकार ने सभी अस्पतालों को आईसीयू बेड की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए थे। सरकार ने कहा था कि सभी अस्पताल प्रबंधन आईसीयू बेड की संख्या को और बढ़ाने के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करें। इनमें सरकार की तरफ से पूरी सहायता दी जाएगी।