दिल्ली में कोरोना वायरस (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 2008 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 50 लोगों की मौत हो गई है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 102831 हो गई है। राजधानी में मंगलवार को 2129 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक दिल्ली में 74217 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अब तक 3165 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 25449 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि मंगलवार को राजधानी में 8795 आरटी-पीसीआर और 13653 रैपिड एंटीजन जांच की गई है। दिल्ली में अब तक 679831 कोरोना जांच की गई है।
20 दिनों से सुधर रहे हालात, संक्रमण दर घटी, रिकवरी रेट बढ़कर 72 फीसदी
दिल्ली में कोरोना से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया है। देश में महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद दिल्ली तीसरा राज्य है, जहां संक्रमित मरीजों की संख्या एक लाख के पार हो चुकी है।
अच्छी बात यह है कि इन संक्रमित मरीजों में से 72 हजार से ज्यादा ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। राजधानी में संक्रमण के मरीज भले ही बढ़ रहे हों, लेकिन बीते 20 दिनों से यहां हालात लगातार बेहतर हो रहे हैं।
अब कोरोना टेस्ट में प्रति 100 लोगों पर महज 10 लोग ही पॉजिटिव मिल रहे हैं। पॉजिटिविटी रेट 26 फीसदी से घटकर 10 फीसदी हो गया है। इसके अलावा रिकवरी रेट भी बढ़कर 72 फीसदी हो गया है। अगर, कोरोना संक्रमित टॉप पांच राज्यों की बात करें तो सबसे बेहतर रिकवरी रेट दिल्ली की ही है। इस मामले में दिल्ली और गुजरात लगभग पहले स्थान पर हैं। वहीं, सबसे अधिक मृत्यु दर गुजरात की है और सबसे कम तमिलनाडु की।