दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1250 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 1082 लोग ठीक हुए हैं तो 13 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इस वक्त दिल्ली में 11,426 एक्टिव केस हैं। जैन ने कहा कि सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि मृत्यु दर को नीचे लाए।
जब सत्येंद्र जैन से दिल्ली में होटल खुलने के बारे में पूछा गया तो वह बोले कि दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के हिसाब से ही होटल खुलेंगे। वहीं साप्ताहिक बाजार ट्रायल बेसिस पर खुल रहे हैं, जहां सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जाएगा।
इस माह संक्रमितों से कम रही है ठीक होने वाले मरीजों की संख्या
राजधानी में 15 दिनों से संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम रही है। जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में जितने कोरोना के नए केस आए थे। उससे करीब दो गुना मरीज ठीक भी हुए थे, लेकिन अब यह संख्या घट रही है। हालांकि, इसमें ज्यादा अंतर नहीं आया है और दिल्ली में कोरोना का रिकवरी रेट 90 फीसदी से ज्यादा बना हुआ है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस माह अभी तक संक्रमण के 21,756 मामले आए हैं और 20896 मरीज ठीक हुए हैं। यानी,ठीक होने वाले मरीजों की संख्या संक्रमितों से कम रही। इस दौरान रोजाना औसतन 1132 केस आए और 1036 लोग स्वस्थ भी हुए।
इस माह दैनिक संक्रमितो की संख्या चार बार एक हजार से नीचे गई है। जून और जुलाई महीने में ऐसा एक बार ही हुआ था। इस दौरान रोजाना आने वाले केस की संख्या 16 अगस्त को सबसे कम (652) और 8 अगस्त को सबसे ज्यादा 1404 रही। यानी,एक भी दिन संक्रमितों की संख्या 1500 से ऊपर नहीं गई। वहीं ,अब 12 हजार जांच होने पर संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार से नीचे पहुंच जाता है। पहले इतनी ही जांच पर दो हजार से ज्यादा मामले आते थे।
एम्स के पूर्व डॉक्टर पीके सिंघल बताते हैं कि इस माह संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में ज्यादा कमी नहीं हुई है। इसलिए, दिल्ली का रिकवरी रेट 90 फीसदी के आसपास बना हुआ है। काफी दिनों से यही स्थिती बनी है। उन्होंने कहा कि रोजाना आने वाले मामलों में ज्यादा इजाफा नहीं हो रहा है। संक्रमण दर करीब 7 फीसदी ही है। इससे पता चलता है कि जांच जिस दिन बढ़ती है। उस दिन मामले ज्यादा नहीं बढ़ते। 23 हजार जांच होने पर भी 1500 से कम केस ही आ रहे हैं। जो एक अच्छा संकेत है।
बीते 15 दिनों में संक्रमण के हालात
तारीख - संक्रमण के मामले - जांच
5 अगस्त 1076 16,785
6 अगस्त 1299 21,789
7 अगस्त 1192 23,765
8अगस्त 1404 24,592
9 अगस्त 1300 23,752
10 अगस्त 707 12,322
11 अगस्त 1257 19,432
12 अगस्त 1123 18,894
13 अगस्त 956 15,356
14 अगस्त 1192 15,110
15 अगस्त 1276 18,171
16 अगस्त 652 10,709
17 अगस्त 787 14,988
18 अगस्त 1374 20,226
19 अगस्त 1398 20,815
20 अगस्त 1215 17004
सभी आंकड़े स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट से लिए गए हैं