एक सप्ताह के बाद जिले में कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार देर शाम आई जांच रिपोर्ट में जिले के 5 नए मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसमें एक जमाती भी शामिल है। इसी के साथ जिले में कोरोनावायरस पीड़ितों की संख्या फिर से 6 तक पहुंच गई है। हालांकि शुरुआत से संक्रमितों की संख्या की गणना करें तो यह 16 है लेकिन 9 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉक्टर जेएस पुनिया के मुताबिक बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने करीब 30 मरीजों से सैंपल लिए थे। इनकी गुरुवार को रिपोर्ट आई, जिसमें 2 महिलाओं व तीन पुरुषों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है।
कोरोना पीड़ितों में एक जमाती भी शामिल है जो दयानंद कॉलोनी का निवासी है। इसके अलावा कोरोना पीड़ितों में सनसिटी निवासी पिता व पुत्र भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पुत्र मुंबई में काम करता है, जो हाल ही में वहां से लौटा है। वही झाड़सा निवासी 23 वर्षीय युवती, सेक्टर-46 निवासी एक महिला में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
सभी को किया गया आइसोलेट :
सभी मरीजों को गुरुवार तक सेक्टर-9 में बने क्वॉरंटीन सेंटर में रखा गया था, लेकिन जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद 2 मरीजों को मेदांता मेडिसिटी अस्पताल व तीन मरीजों को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया। बता दें कि इससे पहले जिले से 10 कोरोना वायरस के मरीज सामने आ चुके हैं जिसमें से उपचार के बाद 9 मरीज स्वस्थ हो चुके थे। अब 5 नए मरीजों के सामने आने के बाद कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है।