Breath Analyser Delhi Traffic Police
- फोटो : PTI (File)
कोरोनावायरस के संक्रमण से बचने के लिए विशेषज्ञ लगातार इस बात का आग्रह कर रहे हैं कि लोग भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। हाथ, आंख, नाक और मुंह समय-समय पर धुलते रहें। कोई भी खाने वाली चीज मुंह में डालने से पहले यह निश्चित कर लें कि वह साफ और स्वच्छ हो। कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे के बीच 'ब्रीद एनालाइजर' (अल्कोहल) टेस्ट की भूमिका पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
रात के समय शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों का टेस्ट करने के लिए पुलिस ब्रीद एनलाइजर का इस्तेमाल करती है। इसके लिए एनलाइजर को ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति के मुंह के पास लाया जाता है। इसके बाद मशीन बता देती है कि ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति ने कितनी मात्रा में शराब का सेवन किया है।
कोरोनावायरस का खतरा बढ़ जाने के बाद भी पुलिस इसका इस्तेमाल कर रही है। ऐसे में किसी व्यक्ति के कोरोना से संक्रमित होने की स्थिति में संक्रमण दूसरों तक फैलने का खतरा हो सकता है।
ट्रैफिक पुलिस के एक जवान के मुताबिक इसके संदर्भ में उन्हें अभी तक कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं। उन्हें इसके संदर्भ में जब तक कोई आदेश नहीं दिया जाता है, तब तक टेस्ट के लिए उनकी तरफ से ब्रीद एनलाइजर का उपयोग जारी रहेगा।
वहीं, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से पत्र लिखकर इस बात की मांग की है कि जब तक दिल्ली से कोरोनावायरस का खतरा खत्म नहीं हो जाता, तब तक पुलिस को ब्रीद एनलाइजर का इस्तेमाल करने से रोकने का निर्देश दिया जाए।
दिल्ली में बढ़ा कोरोना का खतरा
पूरी दुनिया के बाद अब कोरोना का खतरा भारत तक पहुंच चुका है। दिल्ली के एक मरीज के साथ-साथ पूरे भारत में पचीस मरीजों के कोरोनावायरस से संक्रमित होने का पता चल चुका है। इसके संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए भारी भीड़-भाड़ वाले कार्यक्रम रद्द कर दिये गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोनावायरस के चलते इस साल होली न खेलने का फैसला किया है।