गुरुग्राम में कोरोना से एक और मौत का मामला सामने आया है। हैरत की बात यह है कि मरीज के परिजन 4 दिन बाद भी शव लेने नहीं पहुंचे जिसके बाद जिला प्रशासन ने मृतक का अंतिम संस्कार किया।
शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कैंसर पीड़ित महिला कोरोना से भी ग्रस्त थी, जिसकी 4 दिन पहले ही मौत हो गई थी। अस्पताल ने महिला की मौत की सूचना परिजनों को दी लेकिन वह नहीं पहुंचे।
4 दिन तक परिजनों का इंतजार करने के बाद निजी अस्पताल प्रबंधन ने मृतक महिला का शव जिला प्रशासन को सौंप दिया। प्रशासन ने गुरुवार को महिला का अंतिम संस्कार किया।
जानकारी के मुताबिक कानपुर के बर्रा की मूल निवासी कोरोना से पीड़ित महिला को शहर के एक निजी अस्पताल में 24 मार्च को भर्ती किया गया था।
34 वर्षीय महिला की हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक महिला फेफड़े के संक्रमण से ग्रस्त थी, जहां 19 अप्रैल को महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी लेकिन परिजन आने में आनाकानी करते रहे।
महिला की मौत के 4 दिन बाद भी जब परिजन नहीं पहुंचे तो गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन ने महिला का शव जिला प्रशासन को सौंप दिया। इसके बाद गुरुग्राम तहसीलदार ने मृतक का अंतिम संस्कार करा दिया।