हरियाणा के तमाम जिलों के साथ-साथ गुरुग्राम जिले में कोरोना के मामले बढ़ने पर राज्य सरकार की ओर से दिल्ली पर निशाना साधा जाता रहा है, लेकिन जिले के अधिकारी इस बात से सहमत नहीं है। वह कोरोना के मामले बढ़ने एवं कम होने का दिल्ली से लिंक नहीं मान रहे है। वे इसके लिए स्थानीय निवासियों को जिम्मेदार मान रहे हैं।
प्रदेश में खास तौर पर गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर एवं सोनीपत जिले में कोरोना के मामले बढ़ने पर राज्य सरकार के कई मंत्री दिल्ली पर निशाना साधते रहे है। इतना ही नहीं, उन्होंने प्रदेश में कोरोना बढ़ने के लिए दिल्ली को जिम्मेदार ठहराते हुए उसकी सीमा भी सील कराई और दिल्ली के लोगों को प्रदेश में प्रवेश भी नहीं दिया गया।
इसके अलावा दिल्ली में नौकरी करने जाने वाले प्रदेश के लोगों पर भी वापस आने पर प्रतिबंध लगाया गया। इस मामले में दिल्ली एवं राज्य सरकार के बीच कई बार आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। प्रदेश के साथ-साथ जिले में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़ गए है।
इस मामले में जिले के अधिकारी दिल्ली से लिंक होने की बात को सिरे से खारिज कर रहे है। जिला मुख्यालय में शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में जिले के सीएमओ ने इस मामले में अमर उजाला के सवाल पर सहमति नहीं जताई।
उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना के मामले बढ़ने के पीछे दिल्ली का कोई लिंक नहीं है। जिले में कोरोना के मामले बढ़ने के लिए स्थानीय निवासी जिम्मेदार है। वह कोरोना की रोकथाम के नियमों का पालन नहीं कर रहे है।