राजधानी में कोरोना संक्रमण की दर कम हो रही है। इसलिए सरकार ने स्टेडियमों को आइसोलेशन केंद्र बनाने की योजना को टाल दिया है। दिल्ली में पिछले दो दिनों से संक्रमितों की संख्या 2000 से कम आ रही है। जुलाई में यह पहली बार है कि जब लगातार 2000 से कम मामले सामने आए हैं।
दिल्ली सरकार के मुताबिक, होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की मृत्युदर ऑक्सीमीटर की वजह से कम हुई है। राजधानी में अब तक 89,968 मरीज ठीक हो चुके हैं। रिकवरी दर 80 फीसदी ऊपर हो गई है। दक्षिणी जिले में 10 हजार बेड की क्षमता वाले सरदार पटेल कोविड-19 सेंटर का निर्माण किया गया है।
इसी प्रकार 500 बिस्तर की क्षमता वाले कोविड सेंटर का निर्माण राष्ट्रमंडल खेल गांव में किया गया है। उत्तरी-पश्चिमी जिले में रेलवे कोच को आइसोलेशन वार्ड में तब्दील किया गया है। सरकार का कहना है कि मरीजों की संख्या अब लगातार घट रही है। इसके मुकाबले काफी बेड का इंतजाम है। इसलिए अभी स्टेडियमों को आइसोलेशन केंद्र में तब्दील करने का कोई विचार नहीं है। इसके अलावा सभी जिलाधिकारियों से उनके इलाकों में किए गए कार्यों के विषय में विस्तृत ब्योरा मांगा गया है।