कोरोना वायरस की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब कनॉट प्लेस पहुंच चुकी हैं। दरअसल, गुरुग्राम स्थित पेटीएम कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि एक दिन पहले हुई है।
ऐसे में गुरुग्राम से दिल्ली स्वास्थ्य विभाग को मिले इनपुट्स के अनुसार, कोरोना की पुष्टि से पहले मरीज ने कनॉट प्लेस में मीटिंग की थी और उसके बाद एक रेस्तोबार में दोस्तों के साथ पार्टी की। ये इनपुट्स मिलने के बाद दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) को सूचित करते हुए दो रैपिड टीमों को कनॉट प्लेस की ओर दौड़ा दिया।
एनडीएमसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से जानकारी मिलने के बाद कनॉट प्लेस के उन दोनों ही स्थानों पर जांच कराने के लिए टीमों को भेजा गया था। अभी तक नई दिल्ली क्षेत्र में 52 लोगों की स्क्रीनिंग टीम ने पूरी कर ली है। इन लोगों को घर पर ही रहने और किसी से संपर्क न रखने की सलाह दी है।
दिल्ली के उत्तम नगर निवासी पेटीएम कर्मचारी हाल ही में अपनी पत्नी के साथ इटली घूमकर आया था। भारत आने के बाद पहले दो दिन वह ऑफिस गया और उसके बाद कनॉट प्लेस आया। यहां उसने मीटिंग की और इनर सर्किल के एक रेस्तोबार में पार्टी भी की।
उधर नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने बताया कि अभी तक उन्हें कोरोना वायरस या पेटीएम कर्मचारी की विजिट को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है लेकिन व्यापारियों ने एहतियात के तौर पर दो बार बैठक की है। सभी लोगों को ये बताया जा रहा है कि उन्हें किस तरह से रहना है।
91 लोग संपर्क में आए थे, पत्नी का सैंपल भी भेजा
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पेटीएम कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गुरुग्राम के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि मरीज के संपर्क में संक्रमण की पुष्टि होने से पहले तक 91 लोग उसके संपर्क में आए थे। इनमें से पांच लोगों तक टीम पहुंच चुकी है। इन सभी लोगों को उनके घर पर ही नजरबंद किया है। यही नहीं स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के परिवार को भी निगरानी के दायरे में रखा है। मरीज के साथ पत्नी भी इटली भ्रमण पर गई थीं, इसलिए पत्नी के सैंपल लेकर जांच के लिए दिल्ली एम्स भेज दिए हैं। थर्मल स्क्रीनिंग में पत्नी को किसी भी तरह की परेशानी नहीं देखने को मिली है।
नोएडा और गुरुगाम की टीमें भी हुईं अलर्ट
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पेटीएम कर्मचारी के संपर्क में जो लोग आए थे, उनमें कनॉट प्लेस के अलावा नोएडा और गुरुगाम के लोग भी शामिल हैं, इसलिए वहां की दोनों टीमों को अलर्ट कर दिया है। उन्होंने लोगों की तलाश भी शुरू कर दी है। इधर दिल्ली की टीमें उत्तम नगर स्थित मरीज के निवास भी पहुंच चुकी हैं।