कोरोना वायरसः जांच के नमूने लेते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी में कोरोना की संक्रमण दर लगातार गिर रही है। यह दर 8 फीसदी घटकर 5.72 प्रतिशत रह गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार दर का घटना और छह फीसदी से नीचे बने रहना संक्रमण के कमजोर होने की तरफ इशारा करता है। यही स्थिति अगर आने वाले कुछ और सप्ताह तक रही तो संक्रमण पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब प्रतिदिन 60 हजार जांच करने पर औसतन 2300 संक्रमित मिल रहे। पहले इतनी ही जांच पर 4200 मरीज मिल रहे थे। जांच के मुकाबले कम संक्रमित मिलने से संक्रमण दर भी कम हो रही है। एक सप्ताह से संक्रमण की दर 6 फीसदी से नीचे बनी हुई है। वहीं, एक्टिव मामले भी कम होते जा रहे हैं।
अपोलो अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण कुमार बताते हैं कि दिल्ली में संक्रमण की दूसरी लहर बीत चुकी है। ऐसे में अब पहले के मुकाबले कम संक्रमित मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या संख्या और भी कम होती जाएगी। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में संक्रमण दर और भी कम होगी। अगर यह दर कुछ सप्ताह तक इतनी ही बनी रहती है या इससे कम हो जाती है, तो कहा जा सकता है कि दिल्ली में संक्रमण काबू में आ गया है।