जांच का दायरा बढ़ने से दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं पर संक्रमित लोगों की दर में कमी आई है। पिछले एक सप्ताह में कोरोना की संक्रमण दर 9 फीसदी से घटकर 6 फीसदी हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार,दो मई तक दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 4,122 हो गए हैं। इनमें से कुल 1,256 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुकें हैं और 64 लोगों की मौत भी हुई है। राजधानी में 24 से 30 अप्रैल तक 19,010 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 1,430 लोग संक्रमित मिले। इस हिसाब से संक्रमण की दर 6 प्रतिशत रही।
वहीं, इससे पहले सप्ताह में 17 अप्रैल से 23 अप्रैल तक 27,492 सैंपल की जांच की गई। इसमें 2,376 लोग संक्रमित पाए गए। इस सप्ताह में संक्रमण दर करीब 9 फीसदी रही। इससे पता चलता है कि राजधानी में संक्रमण दर लगातार कम हो रही है। पिछले एक सप्ताह में 29 अप्रैल को संक्रमण दर सबसे कम रही। इस दिन 3,855 लोगों जांच की गई । इसमें 125 लोग संक्रमित पाए गए। इस दिन संक्रमण दर करीब 4 फीसदी ही रही।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के आकंड़ों के अनुसार, राजधानी में प्रति 10 लाख पर अब 2338 लोगों की जांच हो रही है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह औसत 500 का है। जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। जिस हिसाब से जांच ज्यादा हो रही है। उसके मुकाबले संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। जिससे संक्रमण दर में गिरावट आई है।