राजधानी में कम जांच होने पर भी कोरोना संक्रमण के मामले पहले से बढ़े हैं। पिछले सप्ताह कम टेस्ट किए गए, लेकिन जांच कम होने पर भी मरीजों की संख्या कम नहीं हुई। डेढ़ सप्ताह पहले प्रतिदिन औसतन 1300 तक संक्रमित मिलते थे, जिनकी संख्या अब 1400 तक पहुंच रही है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 18 से 24 अगस्त तक 121,011 लोगों के सैंपल लिए गए और संक्रमण के 8200 मामले आए। 9 से 15 अगस्त तक 123,315 सैंपल लिए गए थे। तब 7,801 केस आए थे। लिहाजा, बीते सप्ताह करीब ढाई हजार टेस्ट कम किए गए। जांच कम होने पर भी 399 मामले ज्यादा आए हैं। इससे संक्रमण दर पांच से बढ़कर सात फीसदी हो गई है। 17 अगस्त के बाद से राजधानी में संक्रमण के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
70 फीसदी से अधिक एंटीजन जांच
राजधानी में एंटीजन जांच का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते सप्ताह हुई 1,20,862 में से सिर्फ 36 हजार ही आरटी-पीसीआर जांच हुई हैं। यानी, कुल टेस्ट में से करीब 70 फीसदी एंटीजन प्रणाली से किए गए। सरकार लगातार इस जांच प्रणाली को बढ़ा रही है। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि अब लोग आरटी-पीसीआर जांच को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि एंटीजन के मुकाबले आरटी-पीसीआर जांच ज्यादा बेहतर परिणाम देती है।
9 से 15 अगस्त तक की स्थित
तारीख मामले जांच
09 1300 23,787
10 707 12,322
11 1257 19,440
12 1113 18,994
13 956 15,356
14 1192 15,145
15 1276 18,271
18 से 24 अगस्त तक के हालात
तारीख मामले जांच
18 1374 20,266
19 1398 20,815
20 1215 17,004
21 1250 17,735
22 1412 19,345
23 1450 18,731
24 1061 11910
नोट : आंकड़े स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट से लिए गए हैं।