एक तरफ जहां लोग 14 अप्रैल को लॉकडाउन के खत्म होने की उम्मीद लगा रहे थे। वहीं, दिल्ली के कुछ इलाके सील होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। साथ ही अपने इलाकों में कोरोना वायरस के केस मिलने के बाद उनमें डर है। मयूर विहार में सील किए गए वर्धमान अपार्टमेंट के पास परवाना अपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि आगामी 14 अप्रैल से काफी उम्मीद थी, लेकिन इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
वहीं, घर में बच्चे भी अब रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। काफी दिनों से वे भी टीवी आदि देखकर बोर हो चुके हैं। ऐसे में उन्हें समझाना भी मुश्किल है। नजदीक ही स्थित समाचार अपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि उनके इलाके में भी इस तरह की अफवाह है कि सीलिंग को बढ़ाया जाएगा। साथ ही इलाके में भारी पुलिस बल भी तैनात हो गया है।
वहीं, दूसरी ओर लाजपत नगर-एक के एच ब्लॉक में कोरोना के संदिग्ध मिलने के बाद कृष्णा मार्केट बंद रखने के लिए कहा गया है। इस मार्केट को सैनिटाइज किया जाएगा। लाजपत नगर निवासी ज्योति ने बताया कि जरूरी सामान स्टॉक कर लिया है। ऐसे में हम घर में रहकर ही सुरक्षित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि कोरोना के प्रकोप को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 20 इलाकों को सील कर दिया है। इन इलाकों में लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है और पुलिस व अर्द्धसैनिक बल की तैनाती कर दी गई है।