राजधानी में बीते चार दिन से संक्रमण के मामलों में कमी आ रही है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 5475 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की, जबकि 91 की मौत हो गई। 4937 मरीज स्वस्थ हुए। दिल्ली में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या पांच हजार के पार हो गई है। वर्तमान में 5156 रेड जोन हैं। तीन दिन में ही करीब 500 रेड जोन बनाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 5,51,262 हो गई है। इनमें से 5,03,717 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। रिकवरी दर 91% है। अब तक 8811 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल मृत्युदर 1.60 % है। 24 घंटे में 63266 नमूनों की जांच की गई। संक्रमण दर घटकर 8.65% रही। दिल्ली में अब तक 60,39,703 जांच की जा चुकी हैं। प्रति 10 लाख की आबादी पर 3,17,879 टेस्ट किए जा रहे हैं है।कोरोना के फिलहाल 38734 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 23,479 मरीज घर पर उपचाराधीन हैं। वहीं, अस्पतालों में 9109 मरीजों का इलाज चल रहा है।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय भी संक्रमित
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय कोरोना संक्रमित हो गए हैं। संक्रमण के लक्षण के बाद उन्होंने जांच कराई थी, जिसमें कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। राय ने ट्वीट कर लिखा है कि शुरुआती लक्षणों के बाद कोरोना टेस्ट कराया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग मेरे संपर्क में आए थे, कृपया वे अपना ध्यान रखें और टेस्ट करा लें। राय दिल्ली सरकार के ऐसे तीसरे मंत्री हैं, जो संक्रमित हुए हैं। इससे पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन संक्रमित हो चुके हैं।
मंडोली जेल में महिला कैदी की बेटी कोरोना संक्रमित
मंडोली जेल संख्या-16 में महिला कैदी के साथ रहने वाली उसकी बेटी कोरोना संक्रमित हो गई है। जीटीबी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बच्ची के साथ ही मां भी अस्पताल में है। जेल प्रशासन के मुताबिक बच्ची में कोरोना का लक्षण पाये जाने पर कोविड जांच कराई गई थी। संक्रमित होेने की पुष्टि होने पर 16 नवंबर को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है। जेल प्रशासन के मुताबिक छह साल से कम उम्र के बच्चों को महिला कैदी के साथ ही रखा जाता है। जेल महानिरीक्षक संदीप गोयल ने बताया कि फिलहाल एक बच्ची ही कोरोना संक्रमित है जिसका जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पहले मंडोली की महिला जेल में 11 संक्रमित हो गए थे।
आरएमएल के डॉक्टर की कोरोना से मौत
उधर, राम मनोहर लोहिया अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर श्रीमंत साहू की बुधवार को कोरोना से मौत हो गई। बीते दो हफ्ते में राजधानी में तीन स्वास्थ्य कर्मचारियों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
डॉ. श्रीमंत साहू मेडिसिन विभाग में तैनात थे। कुछ दिन पहले संक्रमित होने के चलते वह होम आइसोलेशन में थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें द्वारका स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार स्थिति गंभीर होने के चलते उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। बुधवार सुबह डॉ. साहू ने अंतिम सांस ली।