कोरोना से ठीक होने के बाद भी कई लोगों को सांस संबंधी समस्याएं हो रही हैं। ऐसे मरीजों के लिए दिल्ली सरकार के राजीव गांधी अस्पताल में पोस्ट कोविड क्लिनिक शुरू किया है। शनिवार को शुरू हुए इस क्लिनिक में दिल्ली के बाहर से भी लोग इलाज के लिए आ रहे हैं। एम्स अस्पताल में भी जल्द ही ऐसे क्लिनिक की शुरुआत की जाएगी।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बी.एल शेरवाल ने बताया कि बड़ी संख्या में ठीक हुए मरीजों को कोई दिक्कत नहीं आती है, लेकिन जिन्हें भी कोरोना के बाद परेशानी हो रही है उनमें लगभग 80 फीसदी लोगों का थकान की शिकायत हैं,वहीं कुछ को सांस की परेशानी भी हो रही है।
डॉक्टर ने कहा कि मरीजों की संख्या बढ़ने पर पता चलेगा कि संक्रमण से ठीक होने के बाद मरीजों को और किस तरह की समस्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से ठीक हो चुके लोग जानना चाहते हैं कि संक्रमण से उबरने के बाद कौन सी दवाएं लेनी चाहिए और क्या सावधानियां बरतनी चाहिए। डॉक्टर शेरवाल ने कहा कि मरीज की जांच करने के बाद ही यह बताया जा सकता है कि उसे क्या इलाज देना है।
जो लोग गंभीर रूप से बीमार हुए थे उन्हें ज्यादा परेशानी
राजधानी में 90 फीसदी लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। इनमें अधिकतर उन्हीं लोगों को ठीक होने के बाद समस्याएं आ रही है, जो गंभीर रूप से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे।
अभिषेक पांचाल