दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए बुधवार को नोएडा बार्डर पर दिल्ली से आ रहे लोगों की सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक रैंडम कोरोना जांच की गई। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त कार्यक्रम के तहत डीएनडी व चिल्ला बॉर्डर पर एंटीजन जांच की व्यवस्था की गई थी।
डीएनडी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 81 लोगों की जांच की जिसमें एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। चिल्ला बार्डर पर 84 लोगों की जांच हुई जिसमें दो लोग पॉजिटिव पाए गए। बृहस्पतिवार को बॉटेनिक गार्डन सहित कुछ स्थानों पर जांच करने की योजना है। सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत आगे भी इसी प्रकार रैंडम तरीके से एंटीजन जांच करना तय किया जाएगा।
दरअसल, दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर ने नोएडा की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस कारण स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें सतर्क हो गई हैं। दिल्ली से आए लोग कहीं साथ कोरोना न लेकर आएं, इस डर से प्रशासन अब रैंडम जांच पर लगातार जोर देने की योजना बना रहा है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग से परामर्श कर नए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि रैंडम सैंपलिंग का सिलसिला जिले में योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग स्थानों पर जारी रहेगा। आवागमन कर रहे लोगों को दिक्कत न आए, इस बात का ख्याल रखा जाएगा। वहीं, टेस्टिंग टीम के सदस्य डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि जांच चरणबद्ध तरीकों से की जाएगी। जल्द ही बॉर्डर के साथ ही मेट्रो स्टेशन, झोपड़ियों, बस अड्डों आदि पर भी जांच होगी।
लोगों को कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखते हुए आवागमन बाधित किए बिना जांच का सिलसिला चलता रहेगा। जो व्यक्ति पॉजिटिव पाया जाएगा उसे परिस्थिति व मरीज की इच्छा अनुसार होम आइसोलेशन या नोएडा के अस्पताल में भेजा जाएगा। नोएडा एक औद्योगिक नगरी है, हजारों की संख्या में लोग रोजाना नोएडा ट्रेवल करते हैं संक्रमण न फैले इस बात का ख्याल रखते हुए रैपिड सैंपलिंग की व्यवस्था की गई है।
डिलीवरी बॉय, रिक्शा चालक, सैलून, ब्यूटी पार्लर में भी होगी जांच
आगामी दिनों में टारगेट ग्रुप जैसे डिलीवरी ब्वॉय, रिक्शा चालक, सैलून, ब्यूटी पार्लर में काम करने वाले लोगों की टेस्टिंग कराई जाएगी। इस दौरान भी रैंडम सैंपलिंग की जाएगी।