नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) बृहस्पतिवार को अपने 12वें दीक्षांत समारोह में रिकॉर्ड तीन सौ से अधिक छात्रों को पीएचडी की डिग्री देगा। बुधवार को दसवां गोल्डन प्राइड समारोह आयोजित हुआ, जिसमें 46 छात्रों को कुलपति गोल्ड मेडल सहित शोधार्थियों और छात्रवृत्ति पाने वालों को सम्मानित किया गया। कुलपति प्रतीक शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य शोध को उद्योगों से जोड़ना और समाज की समस्याओं का समाधान करना है। पूर्व छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिए चार करोड़ रुपये और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए दस करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई है। इस वर्ष 38.45 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू करेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद भी इसमें शामिल होंगे। ब्यूरो