दिल्ली-एनसीआर में बीते तीन-चार दिन से हो रही बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश रुकने के बाद भी आसमान में घने बादलों ने डेरा डाले रखा। इस कारण से तापमान में बड़ी गिरावट हुई। दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम रहा। मंगलवार शाम 5:30 बजे तक 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश का दौर कम होगा। हालांकि आसमान में बादल छाए रहने से धूप और बादलों की लुकाछिपी का खेल चलता रहेगा। इसके साथ ही तापमान में मामूली बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है।