- एचईआसी ने इलेवन पावर को पैरेलल डिस्ट्रीब्यूशन लाइसेंस दिया, गुुरुग्राम और नूंह के उपभोक्ताओं को मिलेगा विकल्प चुनने का अधिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नूंह और गुरुग्राम के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिजली वितरक चुनने का विकल्प मिलेगा। हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) ने इलेवन पावर कंपनी को 25 सालों के लिए समानांतर वितरण लाइसेंस दिया है। इससे 8.3 लाख से अधिक उपभोक्ता डीएचबीवीएन या इस निजी कंपनी में से किसी एक को चुन सकेंगे।
यह लाइसेंस विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 14 के तहत दिया गया है। इसमें नूंह और गुरुग्राम राजस्व जिले के सभी श्रेणियों के उपभोक्ता शामिल हैं। इलेवन पावर के अध्यक्ष सुनील सचदेवा ने एचईआरसी के आदेश का पालन करने की बात कही। मानेसर और सोहना सहित इस क्षेत्र में बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2024-25 की 12,220 मिलियन यूनिट बिक्री वित्त वर्ष 2030-31 तक 18,224 मिलियन यूनिट हो जाएगी। कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान अभी भी बिजली कटौती पर डीजल जनरेटर पर निर्भर हैं। अक्तूबर 2025 तक हरियाणा में 1.3 लाख नए कनेक्शन के आवेदन लंबित थे।
आरडब्ल्यूए संगठनों ने किया स्वागत
द्वारका एक्सप्रेस वे गुरुग्राम डेवलपमेंट एसोसिएशन ने इस आदेश का स्वागत किया है। संगठन का कहना है कि इससे बिजली की आपूर्ति में सुधार होगा। उपभोक्ताओं को निजी कंपनी से भी एचईआरसी द्वारा निर्धारित दर पर ही बिजली मिलेगी। यह व्यवस्था पहले से ही मुंबई में लागू है। इससे उपभोक्ताओं को काफी आसानी होगी।