नरेला इलाके में शराब तस्कर को पकड़ने गई टीम में तैनात दो हवलदारों ने सीवरेज में गिरे छह साल के बच्चे को मौत की मुंह से बचा लिया। आला अधिकारियों ने दोनों हवलदार को पुरस्कृत करने का फैसला किया है। बच्चे के परिजनों ने पुलिसकर्मियों के काम की जमकर तारीफ की है। उधर इस टीम के सदस्य ने एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि जिले के स्पेशल स्टाफ को एक शराब तस्कर के सौ फुटा रोड पर आने की जानकारी मिली। एएसआई ओमवीर के नेतृत्व में हवलदार नरेंद्र और योगेंद्र की टीम तस्कर की तलाश करते हुए सौ फुटा रोड पर पहुंची। इंतजार करने के दौरान नरेंद्र ने किसी बच्चे की रोने की आवाज सुनी।
काफी ध्यान देने पर सीवरेज से आवाज आने का पता चला। सीवरेज सीमेंट के ढक्कन से आधा ढका था। पुलिसकर्मियों ने अंदर झांका तो एक छह साल का बच्चा करीब 10 फीट नीचे गिरा था और रो रहा था। रस्सी वगैरह नही होने पर उसको निकलना मुश्किल था।
योगेंद्र ने स्लैब हटाया और नीचे की ओर झुक गया। जबकि नरेंद्र उसके पैर को पकड़कर रखा। योगेंद्र ने बच्चे के हाथ को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत थी कि सीवरेज में पानी काफी कम था। घटना की जानकारी बच्चे के परिजनों को दी गई। उन्हें इस बात का यकीन नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि उन्हें लग रहा था कि उनका बेटा विनीत घर में मौजूद है।
बच्चे के जीवित देखकर परिजनों के आंख में आंसु आ गए। क्योंकि कुछ दिन पहले ही उनके परिवार के एक बच्चे की बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई थी। जांच में पता चला कि बच्चा खेलते हुए सीवरेज में गिर गया। उसे मामूली चोट आई थी। उसके बाद पुलिस टीम ने कैलाश नाम के एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 22 कार्टून शराब बरामद किया गया है।