साहिबाबाद के इंदिरापुरम थाने में तैनात एक सिपाही ने कारपेंटर के सवा दो लाख रुपये हड़प लिए। कारपेंटर का आरोप है कि आरोपी सिपाही ने अपने क्लब में फर्नीचर का काम कराया था। रुपये मांगने पर वह फर्जी मामले में एनकाउंटर करने की धमकी दे रहा है।
पीड़ित ने इंदिरापुरम थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, कई माह से सिपाही गैर हाजिर चल रहा है, जिसके चलते उसे निलंबित कर दिया गया है।
मूलरूप से अमरोहा के नाईपुरा मोहल्ला निवासी वसीम आलम दिल्ली के गोंडा चौक में रहते हैं। वह इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में कारपेंटर का काम करते हैं। उनका आरोप है कि इंदिरापुरम थाने में तैनात सिपाही सिंदुल चौधरी ने तीन माह पहले कौशांबी स्थित एंजल मॉल में बन रहे बैंग बैंग क्लब और कैफे चैप्टर-12 में फर्नीचर का काम कराया था।
सिपाही सिंदुल की क्लब और कैफे में हिस्सेदारी है। वसीम ने बताया कि उन्होंने सवा दो लाख रुपये फर्नीचर का काम पूरा किया। आरोप है कि उसने सिपाही से हिसाब करने को कहा तो सिपाही ने उसे डराया। उससे कहा कि वह पूर्व में विभाग में रहते कई लोगों को एनकाउंटर में मार चुका है।