गुड़गांव में ट्रैफिक पुलिस अधिकारी के नाम पर ब्लैकबेरी फोन मंगाने वाले हवलदार को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। डीसीपी ट्रैफिक ने हवलदार को निलंबित करने के बाद विभागीय जांच का आदेश दिया है।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तैनात एक ट्रैफिक प्रभारी ने संयुक्त पुलिस आयुक्त भारती अरोड़ा को एक शिकायत दी कि ट्रैफिक में तैनात हवलदार ने एक अधिकारी को ब्लैकबेरी फोन देने के नाम पर 25 हजार रुपये मांगे हैं।
पहले तो उसने उसकी बात को नजरंदाज कर दिया। बाद में उसे 15 हजार रुपये दे भी दिया। हवलदार ने प्रभारी से दोबारा 10 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद उसे संदेह हुआ। जब उसने उक्त अधिकारी से इस मामले में कुछ जानना चाहा तो सारी बात सामने आ गई।
संयुक्त पुलिस आयुक्त भारती अरोड़ा ने मामले की जांच डीसीपी ट्रैफिक विनोद कौशिक को दी। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपी को निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच का आदेश दिया है।
गौरतलब है कि यह आरोपी ट्रैफिक में पीआरओ का काम देखता था। आरोपी हवलदार सुरेंद्र सिंह कुछ माह पहले ट्रैफिक पुलिस में आया था। इससे पहले वह डिस्ट्रिक्ट इंस्पेक्टर के सहायक के तौर पर काम करता था।