गौतमबुद्ध नगर में ऐन चुनावों के वक्त प्रत्याशी के पाला बदलने से कांग्रेस हाईकमान बेहद नाराज है। इस भितरघात पर एक्शन लेने की तैयारी कर ली गई है।
कुछ पदाधिकारियों को नोटिस भी थमाए गए हैं। उच्च स्तरीय कमेटी जांच में जुटी है और इस सारी कवायद से पार्टी में हड़कंप मचा है। अब पदाधिकारियों में वफादारी साबित करने की होड़ मच गई है। वह लोग भी सफाई देते फिर रहे हैं.. जिन्हें नोटिस नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें:दिल्ली हाईकोर्ट ने ली मुख्य सचिव की क्लास
कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले रमेश चंद्र तोमर के कदम से पार्टी हाई कमान नाराज है। दोबारा कोई ऐसा कदम न उठाए इसलिए पार्टी कड़ा एक्शन लेने के मूड में है।
सूत्रों की मानें तो पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और चुनावों के बाद इन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। बड़े पदों पर बैठे कई लोगों को नोटिस जारी किया गया है। ऐसे में वो लोग परेशान नजर आ रहे हैं, जो तोमर के साथ प्रचार में जुटे थे। उन्हें डर है कि कहीं नोटिस न थमा दिया जाए।
ऐसे में वो खुद ही बड़े नेताओं के सामने सफाई देने में जुट गए हैं और वफादारी साबित कर रहे हैं। स्थानीय नेताओं का कहना है कि पसंद का प्रत्याशी न होने पर भी तोमर का साथ इसलिए दिया, क्योंकि मामला पार्टी की प्रतिष्ठा से जुड़ा था। ऐसे में एक-दूसरे पर भी उंगलियां उठाई जा रही हैं।